UP Weather : प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अलर्ट, मानसून की तीव्रता जारी, जानें अपने शहर का अपडेट

up weather

UP Weather : पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा तट पर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने के कारण मानसून की तीव्रता उत्तर प्रदेश में बढ़ गई है, उत्तर पश्चिमी मध्य प्रदेश पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है जिसके चलते प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश का दौर फिर शुरू हो गया है, मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों में माध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

ऊतर प्रदेश में मंगलवार रात से ही कई जिलों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया जो बुधवार तक जारीरहा जिसके आज भी जारी रहने की उम्मीद है। बारिश से राजधानी लखनऊ सहित अन्य जिलों में उमस से लोगों को राहत मिली, हालाँकि कुछ जगह जलभराव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा, उधर मौसम विभाग की मानें तो इस बार कई दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। IMD ने कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया है।

यहाँ भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान 

यूपी मौसम विभाग ने आज गुरुवार को पश्चिमी यूपी में लगभग सभी स्थानों पर गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई  है। वहीं पूर्वी यूपी में भी कुछ स्थान पर ही गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो जालौन व उसके आसपास के क्षेत्र में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। जबकि औरैया, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा व आसपास इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।

इन जिलों में बिजली गिरने की संभावना 

इस सबके अलावा मौसम विभाग ने रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, कासगंज, एटा, मैनपुरी, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, जालौन में समेत कई जिलों में बादल गरजने और बिजली गिरने की संभावना भी जताई है।

 28 जुलाई को इन जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने 28 जुलाई से पूर्वी उत्तर प्रदेश में झमाझम बारिश के आसार जताए हैं। आगरा, एटा, फिरोजाबाद के आसपास के क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। वहीं अलीगढ़, अमरोहा, बागपत, बरेली, बिजनौर, इटावा, हाथरस, कासगंज, मैनपुरी, मथुरा, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, पीलीभीत, रामपुर, सहारनपुर, शामली के आसपास के जिलों में भारी वर्षा के लिए चेतावनी जारी की गई है।  मध्य और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लगभग 40 जिलों में गरज और चमक के साथ वज्रपात के लिए चेतावनी जारी की गई है।

29,30, 31 जुलाई को ये जिले वाले रहें होशियार 

इसके अलावा 29 जुलाई को पश्चिमी व पूर्वी यूपी में गरज चमक के साथ बारिश होने की उम्मीद है।  एक दो स्थानों पर बिजली गिरने के साथ ही भारी बारिश होने का अनुमान है। वहीं 30 जुलाई को पश्चिमी यूपी में अनेक स्थान पर गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वी यूपी में लगभग सभी स्थान पर गरज चमक के साथ बारिश होने की उम्मीद है। 31 जुलाई को पश्चिमी व पूर्वी यूपी में अनेक स्थान पर गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews