नई दिल्ली: विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने दिल्ली पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। संगठन ने राजधानी में हिंदू समाज के साथ कथित तौर पर हो रहे भेदभाव और सुरक्षा व्यवस्था में दोहरे मापदंडों को लेकर दिल्ली पुलिस कमिश्नर को एक पत्र लिखा है। इस पत्र में VHP ने चेतावनी दी है कि अगर इन मुद्दों पर जल्द कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को मजबूर होगा।
VHP के इंद्रप्रस्थ प्रांत के मंत्री सुरेंद्र कुमार गुप्ता द्वारा लिखे गए इस पत्र में कहा गया है कि दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही हैं, जिनसे हिंदू समाज में असुरक्षा और असंतोष की भावना बढ़ रही है। संगठन ने साफ किया है कि कानून सभी के लिए बराबर होना चाहिए और किसी भी तरह का पक्षपात लोकतंत्र के लिए घातक है।
धार्मिक आयोजनों पर दोहरा मापदंड?
विहिप ने अपने पत्र में कई घटनाओं का जिक्र किया है। आरोप है कि एक तरफ जहां साप्ताहिक नमाज के लिए सड़कों के उपयोग की अनुमति दी जाती है, वहीं दूसरी ओर हिंदू मंदिरों के कार्यक्रमों या शोभायात्राओं को यातायात में बाधा का कारण बताकर अनुमति नहीं दी जाती या अंतिम समय में प्रशासनिक दबाव बनाया जाता है। VHP ने इसे धार्मिक स्वतंत्रता का हनन बताते हुए अस्वीकार्य करार दिया है।
संवेदनशील मामलों में उदासीनता का आरोप
संगठन ने ‘लव जिहाद’ जैसे संवेदनशील मामलों में पुलिस के रवैये पर भी चिंता व्यक्त की है। शिकायतों के अनुसार, ऐसे मामलों में पीड़ित पक्ष को पुलिस से पर्याप्त सहयोग नहीं मिलता और मदद करने वाले कार्यकर्ताओं को ही अनावश्यक रूप से परेशान किया जाता है। इसके अलावा, हिंदू मंदिरों और मेलों के आसपास आर्थिक लेन-देन के आधार पर मुस्लिम समुदाय के लोगों को दुकानें लगाने की अनुमति देने पर भी सवाल उठाए गए हैं, जिसे VHP ने सुरक्षा और धार्मिक गरिमा से जोड़ा है।
पत्र में VHP ने स्पष्ट किया है कि उनकी मंशा सामाजिक समरसता को बनाए रखना है। प्रांत मंत्री सुरेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही पुलिस आयुक्त से मुलाकात करेगा।
“हम पुलिस आयुक्त से मिलकर इन सभी विषयों पर विस्तृत चर्चा करेंगे और समाधान के लिए ठोस सुझाव भी देंगे। हमारी अपील है कि पुलिस प्रशासन निष्पक्षता, पारदर्शिता और समान व्यवहार सुनिश्चित करे ताकि कानून के समक्ष सभी नागरिकों को समान अधिकार और सुरक्षा मिल सके।”- सुरेंद्र कुमार गुप्ता, प्रांत मंत्री, VHP इंद्रप्रस्थ
संगठन ने मांग की है कि दिल्ली पुलिस इन सभी शिकायतों पर तत्काल ध्यान दे और यह सुनिश्चित करे कि किसी भी समुदाय के साथ पक्षपात न हो, जिससे समाज में आपसी विश्वास मजबूत हो सके।






