MP Breaking News

लोकसभा में ‘विकसित भारत जी राम जी’ बिल पेश, मोदी सरकार पर भड़के राहुल गांधी, कहा- ‘ये महात्मा गांधी के आदर्शों का अपमान’

लोकसभा में 'विकसित भारत जी राम जी' बिल पेश कर दिया गया है। ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह बिल पेश किया। मनरेगा योजना के नाम बदलने के बिल को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा है।
Rahul Gandhi

मंगलवार को संसद के शीतकालीन सत्र का 11वां दिन रहा। लोकसभा में ‘विकसित भारत जी राम जी’ बिल पेश कर दिया गया है। ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह बिल पेश किया। यह बिल पास होने के बाद मनरेगा योजना की जगह लेगा। इस बिल के पेश होने से पहले कांग्रेस ने इसका जमकर विरोध जताया और पुरानी संसद के बाहर हाथों में बैनर लेकर प्रदर्शन किया।

‘जी राम जी’ बिल को लेकर राहुल गांधी का मोदी सरकार पर हमला

इस बीच, मनरेगा के नाम बदलने के बिल को लेकर लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा है कि मोदी जी को दो चीजों से पक्की नफरत है पहली महात्मा गांधी के विचारों से और दूसरी गरीबों के अधिकारों से।

राहुल गांधी ने कहा कि मनरेगा महात्मा गांधी के ग्राम-स्वराज के सपने का जीवंत रूप है और करोड़ों ग्रामीणों की जिंदगी का सहारा है, जो कोविड काल में उनका आर्थिक सुरक्षा कवच भी साबित हुआ। मगर, प्रधानमंत्री मोदी को यह योजना हमेशा खटकती रही और पिछले दस सालों से इसे कमजोर करने की कोशिश करते रहे हैं। आज वो मनरेगा का नामो-निशान मिटाने पर आमादा है।

मनरेगा की बुनियाद तीन मूल विचारों पर थी-

1. रोजगार का अधिकार- जो भी काम मांगेगा, उसे काम मिलेगा
2. गांव को प्रगति कार्य खुद तय करने की स्वतंत्रता
3. केंद्र सरकार मजदूरी का पूरा खर्च और समान की लागत का 75% देगी

अब प्रधानमंत्री मोदी इसी मनरेगा को बदलकर सारी ताकत सिर्फ़ अपने हाथों में केंद्रित करना चाहते हैं जिसके बाद बजट, योजनाएं और नियम केंद्र तय करेगा और राज्यों को 40% खर्च उठाने के लिए मजबूर किया जाएगा। साथ ही बजट खत्म होते ही या फसल कटाई के मौसम में दो महीने तक किसी को काम नहीं मिलेगा।

यह नया बिल महात्मा गांधी के आदर्शों का अपमान है। मोदी सरकार ने पहले ही भयंकर बेरोजगारी से भारत के युवाओं का भविष्य तबाह कर दिया है और अब ये बिल ग्रामीण गरीबों की सुरक्षित रोजी-रोटी को भी खत्म करने का जरिया है। हम इस जनविरोधी बिल का गांव की गलियों से संसद तक विरोध करेंगे।

‘जी राम जी’ बिल पर क्या बोलीं प्रियंका गांधी?

मोदी सरकार के ‘जी राम जी’ बिल के खिलाफ लोकसभा में प्रियंका गांधी ने जमकर निशाना साधा। प्रियंका ने कहा है कि उन्हें नाम बदलने की ये सनक समझ में नहीं आ रही। ‘जी राम जी’ बिल के जरिए ग्राम पंचायत का अधिकार छीना जा रहा है। उन्होंंने आरोप लगाया कि सरकार सिर्फ योजना का नाम परिवर्तन नहीं कर रही, बल्कि वो धीरे से इसे समाप्त करना चाहती है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews