पश्चिम बंगाल में पहले चरण के चुनाव का प्रचार थमने वाला है, पहले चरण में 23 अप्रैल को मतदान होगा, प्रचार के अंतिम दौर में भाजपा अपनी पूरी ताकत झोंक रही है, गृह मंत्री अमित शाह आज फिर बंगाल दौरे पर पहुंचे, उन्होंने सालबोनी में एक चुनावी सभा को संबोधित किया और ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी सरकार पर निशाना साधा।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा पश्चिमी मेदिनीपुर के महान बेटे खुदीराम बोस सबसे कम आयु के शहीद हैं, लेकिन बंगाल सरकार अपनी किताबों में उन्हें आतंकवादी बताती है। उन्होंने जनता से पूछा खुदीराम बोस जैसे महान आजादी के सिपाही को आतंकवादी बताने वाली सरकार को चलानी चाहिए क्या, नहीं ना इसलिए टीएमसी सरकार को बदलना बहुत जरूरी है।
गृह मंत्री ने कहा ये चुनाव किसी को विधायक या भाजपा के कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री बनाने का नहीं, बल्कि ये चुनाव पूरे बंगाल को घुसपैठियों से मुक्त बनाने का चुनाव है। ममता दीदी घुसपैठियों को बचाना चाहती है। लेकिन, मैं आपसे कहकर जाता हूं कि 23 तारीख को कमल का बटन दबा दो, 5 मई को भाजपा सरकार बना दो, बंगाल में से एक-एक घुसपैठिये को चुन-चुनकर बाहर निकालने का काम भाजपा सरकार करेगी।
अमित शाह ने कहा सालबोनी की नदियों में से बालू चुरा लिया जाता है, आप भाजपा की सरकार बना दो, एक कंकड़ भी चुराने नहीं देंगे। उन्होंने निशाना साधते हुए कहा ममता दीदी के शासन में बंगाल में माताएं-बहनें सुरक्षित नहीं हैं। बंगाल में ममता के घुसपैठिए गुंडों ने संदेशखाली में सालों तक हमारी बहनों का शोषण किया है। मैं आज बताता हूं- संदेशखाली हो, आरजीकर हो, दुर्गापुर मेडिकल कॉलेज हो, साउथ कोलकाता लॉ कॉलेज हो, हर महिला पर हुए अत्याचार के एक एक आरोपी को चुन-चुन कर सलाखों के पीछे डालने का काम करेंगे।
अमित शाह ने जनता से किये ये वादे
उन्होंने मोदी सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए वादा किया कि हम सारे सरकारी कर्मचारियों को सातवां वेतन आयोग समय पर देंगे और 45 दिन के अंदर डीए देने का काम भी भाजपा की सरकार करेगी। हर युवा को उद्योग लगाने के लिए 10 लाख का लोन देने का काम भाजपा करेगी। 5 साल का 5 लाख रुपए तक का सारा इलाज का खर्चा भाजपा उठाएगी। विधवाओं, दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों को हर महीने 2 हजार रुपए भाजपा की सरकार देने का काम करेगी।
गृह मंत्री ने बड़ा हमला करते हुए कहा कि अयोध्या में जहां बाबरी मस्जिद थी, वहीं हमने राम मंदिर बनाकर जय श्रीराम कर दिया और ममता दीदी अपने चेले हुमायूं कबीर से बंगाल में बाबरी मस्जिद बनवाना चाहती है। ममता दीदी कान खोलकर सुन लो, बंगाल में बाबरी मस्जिद हम कभी नहीं बनने देंगे।
अगला मुख्यमंत्री भाजपा का होगा, बंगाली होगा
अमित शाह ने कहा अभी अभी मोदी जी ने महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए बिल लेकर आए थे, लेकिन इस बिल को गिराने का काम ममता दीदी ने किया है। इनको सिर्फ घुसपैठिए ही दिखाई देते हैं। ये सिर्फ अपने भतीजे को मुख्यमंत्री बनना चाहती हैं। लेकिन आज मैं कहकर जाता हूं कि बंगाल का अगला मुख्यमंत्री भाजपा का होगा, बंगाल में जन्मा होगा और बंगाली बोलने वाला होगा।






