Wrestlers Protest : रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रेसिडेंट बृजभूषण पर होगी FIR, सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को दिए निर्देश

Supreme Court

Wrestlers Protest : भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों के साथ दिल्ली के जंतर-मंतर धरना दे रहीं महिला पहलवानों की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में शुक्रवार (28 अप्रैल) को सुनवाई हुई। इस दौरान दिल्ली पुलिस की तरफ से पेश हुए सॉलिसीटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि हमने तय किया है कि आज बृजभूषण सिंह के खिलाफ लगे आरोपों के मामले में FIR दर्ज कर ली जाएगी

बता दें कि 21 अप्रैल को एक नाबालिग समेत 7 महिला रेसलर्स ने बृजभूषण के खिलाफ यौन शोषण की शिकायत की थी। इनकी ओर से सुप्रीम कोर्ट में सीनियर एडवोकेट कपिल सिब्बल ने कोर्ट में कहा- महिला रेसलर्स को सुरक्षा मुहैया कराई जाए और रिटायर्ड जज इस केस की निगरानी करें। वहीं दिल्ली पुलिस की तरफ से कोर्ट में पेश हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि ये सभी मामले पुलिस द्वारा देखे जाएंगे। सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को हलफनामा देने का भी निर्देश दिया। इस हलफनामे में नाबालिग लड़कियों की सुरक्षा के लिए उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी देने का निर्देश दिया गया है। साथ ही कहा है कि दिल्ली पुलिस नाबालिग लड़कियों के लिए खतरे की भी समीक्षा करे।

गौरतलब है कि WFI अध्यक्ष बृजभूषण पर एक्शन की मांग को लेकर 6 दिन से जंतर-मंतर पर पहलवान धरना दे रहे हैं। शुक्रवार को इंडियन क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव, ओलिंपिक्स में गोल्ड जीतने वाले नीरज चोपड़ा, टेनिस स्टार सानिया मिर्जा, एक्टर सोनू सूद और एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर भी रेसलर्स के समर्थन में उतर आए।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews