यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, 7 बसें और 3 कार टकराई, कोहरे के चलते हुआ हादसा

मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा हो गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। दरअसल, 7 बसें और तीन कारें कोहरे के चलते आपस में टकरा गईं, जिससे यह हादसा हुआ। चश्मदीदों की मानें तो इसमें कई लोग जलकर मर गए।
यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा

मंगलवार सुबह करीब 4:00 बजे मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर 7 बसें और तीन कारें आपस में भिड़ गईं। घने कोहरे के चलते यह भीषण हादसा हुआ। टक्कर के बाद सभी गाड़ियों में आग लग गई। आग लगने की वजह से जानमाल के नुकसान की आशंका जताई जा रही है करीब 20 एंबुलेंस की मदद से 150 लोगों को अस्पताल भेजा गया है। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने के साथ घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस और जिला प्रशासन के अनुसार, फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है।

दरअसल यह हादसा थाना बलदेव क्षेत्र में माइलस्टोन 127 पर हुआ है। हादसे की सूचना मिलते ही डीएम और एसपी सहित अन्य बड़े अधिकारी मौके पर पहुंच गए और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। हादसा इतना भयानक था कि तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।

कोहरे के कारण अंधेरा बहुत ज्यादा था

बसों के आपस में टकराने से तेज धमाके की आवाज आई और पूरा गांव घटनास्थल पर पहुंच गया। लोगों ने तुरंत घायलों की मदद की और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। करीब 20 एंबुलेंस की मदद से डेढ़ सौ लोगों को अस्पताल भेजा गया। प्रारंभिक जानकारी में कुछ लोगों की मौत की बात सामने आ रही है, हालांकि प्रशासन ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। चश्मदीदों की मानें तो कोहरे के कारण अंधेरा बहुत ज्यादा था। अचानक गाड़ियों के टकराने की आवाज सुनाई दी और जैसे ही लोग अपनी कार से बाहर निकले, पीछे से एक के बाद एक बसें टकराने लगीं, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

कई यात्रियों के जिंदा जलने की आशंका जताई

वहीं स्थानीय लोगों ने इस हादसे में कई यात्रियों के जिंदा जलने की आशंका जताई है। सोशल मीडिया पर हादसे के वीडियो भी सामने आए हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि हादसा कितना भयानक था। हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है प्रशासन की ओर से अभी तक मृतकों की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की गई है। बसों के टकराने के बाद सभी में आग लग गई थी। जब हादसा हुआ, उस समय बसों में यात्री सो रहे थे और बसें पूरी तरह यात्रियों से भरी हुई थीं। प्रशासन की ओर से लगातार बचाव कार्य चलाया गया और लोगों की मदद की गई।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews