
Neemuch Administration Bulldozer Action
नीमच जिले के ग्राम कचोली में ग्रामीणों की शिकायत पर प्रशासन ने आज अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। आरबीएस कॉलेज प्रबंधन द्वारा गांव के आम रास्ते और शासकीय भूमि पर अवैध रूप से लगाई गई तार फेंसिंग को प्रशासनिक अमले ने जेसीबी चलाकर हटवा दिया और जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया।
ग्रामीणों द्वारा लंबे समय से शिकायत की जा रही थी कि आरबीएस कॉलेज प्रबंधन ने गांव की जमीन और आम रास्ते पर अवैध रूप से कब्जा कर तार फेंसिंग कर ली है। रास्ता बंद होने के कारण स्थानीय निवासियों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए आज प्रशासनिक टीम दल-बल के साथ मौके पर पहुंची।
जेसीबी से ढहाया अतिक्रमण
जीरन तहसीलदार, हल्का पटवारी और ग्राम पंचायत सचिव की मौजूदगी में जेसीबी मशीन की मदद से अवैध तार फेंसिंग को उखाड़ फेंका गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कार्रवाई के दौरान मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा, वहीं बड़ी संख्या में ग्रामवासी भी उपस्थित रहे।
कॉलेज प्रबंधन को नोटिस और सख्त चेतावनी
अतिक्रमण हटाने के साथ ही प्रशासन ने आरबीएस कॉलेज प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अधिकारियों ने कॉलेज प्रबंधन को सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया है कि शासकीय अथवा ग्राम पंचायत की भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करने का प्रयास किया गया, तो प्रबंधन के विरुद्ध और भी कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कमलेश सारड़ा की रिपोर्ट
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

