नीमच में ‘स्वस्तिक ट्रेडर्स’ पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, कलौंजी पर रंग चढ़ाकर मुनाफाखोरी का पर्दाफाश

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्वस्तिक ट्रेडर्स के गोदाम से रंग चढ़ी कलौंजी और अन्य सामग्री के विधिवत सैंपल लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
Neemuch Food Department raid

Neemuch Food Department raid

नीमच जिले में मिलावटखोरों और जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू सोलंकी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने देर रात करीब 9 से 10 बजे के बीच ‘स्वस्तिक ट्रेडर्स’ (संचालक पल्लव गर्ग) के गोदाम पर आकस्मिक दबिश दी। इस छापामार कार्रवाई में कलौंजी पर कृत्रिम रंग चढ़ाकर उसे ब्रांडेड कट्टों में री-पैक करने और अवैध मुनाफाखोरी करने के खेल का भंडाफोड़ हुआ है।

सॉर्टेक्स मशीनों की आड़ में रंग चढ़ाने और री-पैकिंग का खेल

जिला खाद्य अधिकारी राजू सोलंकी के माध्यम से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर जब टीम रात में स्वस्तिक ट्रेडर्स के गोदाम पर पहुंची, तो वहां बड़े पैमाने पर पैकिंग का काम चल रहा था। गोदाम में सॉर्टेक्स मशीनों और पैकिंग उपकरणों के पास भारी मात्रा में माल फैला हुआ था। जांच में सामने आया कि संचालक पल्लव गर्ग द्वारा कलौंजी को चमकदार और उच्च गुणवत्ता का दिखाने के लिए उस पर कृत्रिम कलर चढ़ाया जा रहा था, जो सीधे तौर पर लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है।

ब्रांडेड कट्टों से बैच नंबर और मानक विवरण गायब

निरीक्षण के दौरान गोदाम में ‘तीन बाण’ और ‘ब्लू लोटस’ ब्रांड के दर्जनों कट्टे पाए गए। जब अधिकारियों ने पैक किए जा चुके कट्टों की बारीकी से जांच की, तो उन पर खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत अनिवार्य बैच नंबर, पैकेजिंग डेट, एमआरपी और FSSAI लाइसेंस नंबर से जुड़े स्टीकर नहीं मिले। मौके पर मौजूद लोगों ने दलील दी कि माल बाहर से मंगाकर अपने मार्के पर री-पैक किया जा रहा है और स्टीकर बाद में लगाए जाते हैं, लेकिन बिना वैध लेबलिंग के ही माल को डिस्पैच के लिए तैयार कर दिया गया था।

बाहर खड़े ट्रक को खाली करवाकर जब्त किया संदिग्ध माल

कार्रवाई के दौरान गोदाम के बाहर एक ट्रक खड़ा मिला, जिसमें रात के अंधेरे में री-पैक किए गए कट्टे लोड किए जा चुके थे। जिला खाद्य अधिकारी राजू सोलंकी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल ट्रक को खाली करवाने के निर्देश दिए और लोड किए गए समस्त कट्टों को वापस गोदाम के भीतर रखवाया। अधिकारियों ने मौके पर स्पष्ट कहा कि रात 10 बजे बिना मानकों के इस तरह माल की पैकिंग और लोडिंग होना गंभीर अनियमितता को दर्शाता है।

सैंपल जांच के लिए भेजे, फर्म पर गिरेगी गाज

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्वस्तिक ट्रेडर्स के गोदाम से रंग चढ़ी कलौंजी और अन्य सामग्री के विधिवत सैंपल लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। साथ ही फर्म के लाइसेंस और खरीदी-बिक्री के बिलों की भी जांच की जा रही है। जिला खाद्य अधिकारी राजू सोलंकी ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद फर्म ‘स्वस्तिक ट्रेडर्स’ के संचालक पल्लव गर्ग के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews