
सतना में एक सराफा व्यापारी के घर बड़ी चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक सभापुर थाना क्षेत्र के वीर सिंहपुर में रहने वाले व्यापारी दीपू सोनी चांदी के जेवरों की चोरी कर ली गई है। व्यापारी अपनी पत्नी के साथ जबलपुर गए हुए थे और जब वापस लौटे तो चोरी की जानकारी लगी।
जानकारी के मुताबिक घर लौटने पर जब मुख्य दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसी की छत से घर के पीछे की तरफ देखने पर आधा दरवाजा खुला हुआ दिखाई दिया। इसके बाद कर्मचारी छत के रास्ते घर में दाखिल हुए तो चोरी का खुलासा हुआ। पुलिस इस मामले में जांच पड़ताल कर रही है।
सारे जेवर हुए गायब
जब कर्मचारी पड़ोसी की छत से घर में दाखिल हुआ तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा खोलने के बाद जब व्यापारी और उनकी पत्नी अंदर पहुंचे तो दीवान और अलमारी में रखे हुए सोने चांदी के सारे जेवर गायब मिले। घर में कुछ भी तोड़फोड़ नहीं की गई थी और ना ही सामान बिखरा हुआ था। व्यापारी ने इन जेवरों की कीमत डेढ़ करोड़ रुपए बताई है।

नहीं खुला था दरवाजा
व्यापारी ने बताया कि नीचे उनकी ज्वेलरी शॉप है और ऊपर मकान बना हुआ है। 5 तारीख को वह अपनी पत्नी के साथ लौटे तो बाहर के कमरे का दरवाजा नहीं खुल रहा था। उन्हें लगा कि दरवाजा फंस गया है और वह मिस्त्री को बुलवाने के बारे में सोच रहे थे। इसके बाद वह अपनी पत्नी के साथ दुकान गए और सफाई करने के बाद बगल के कमरे में सो गए। शुक्रवार की सुबह जब कर्मचारी आए तो ऊपर वाले दरवाजे को खोलने की कोशिश की लेकिन वह नहीं खुल रहा था। ऐसे में पड़ोसी की छत से पीछे की तरफ देखने पर दरवाजा आधा खुला हुआ मिला।
पुलिस कर रही जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। एडिशनल एसपी प्रेमलाल कुर्वे और थाना प्रभारी शंखधर द्विवेदी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने और सामान व्यवस्थित होने जैसे पहलुओं की जांच की जा रही। आरोपी घर में कैसे आए होंगे और बाहर कैसे गए होंगे इस बारे में जांच पड़ताल की जा रही है। आसपास और दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरा के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

