कल बोलेरो के बोनट पर बैठकर दिखाया रसूख, आज कान पकड़कर मांगी माफी, सतना में हत्या के आरोपी समेत 4 गिरफ्तार

सतना में हत्या के आरोपी ने जमानत पर छूटने के बाद शक्ति प्रदर्शन किया। बोलेरो के बोनट पर बैठकर काफिला निकाला। वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने सख्ती दिखाई। चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
satna news

मध्य प्रदेश के सतना में हत्या के एक आरोपी को जमानत पर जेल से बाहर आते ही गाड़ियों का काफिला निकालकर रसूख दिखाना भारी पड़ गया। मंगलवार को समर्थकों के साथ बोलेरो के बोनट पर बैठकर सिगरेट पीते हुए शहर में घूमने वाला आरोपी गुरुवार को पुलिस के सामने कान पकड़कर माफी मांगता नजर आया।

कोलगवां थाना पुलिस ने मान सिंह उर्फ बेटू सिंगरौल समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया और उन्हें करीब डेढ़ किलोमीटर पैदल थाने लेकर पहुंची। इस दौरान आरोपी हाथ जोड़कर कहते दिखाई दिए कि अब कभी ऐसा जुलूस नहीं निकालेंगे।

क्या है मामला?

दरअसल, 23 वर्षीय मान सिंह उर्फ बेटू सिंगरौल, 16 वर्षीय सत्यम शुक्ला की हत्या के मामले में करीब 14 महीने से जेल में बंद था। मंगलवार को जमानत पर बाहर आने के बाद समर्थकों ने फूल-मालाओं से उसका स्वागत किया। इसके बाद शहर में बाइक रैली और गाड़ियों का काफिला निकाला गया। बेटू बोलेरो के बोनट पर बैठकर सिगरेट पीता नजर आया, जबकि उसके समर्थक गाड़ियों और बाइकों से उसके पीछे चल रहे थे। बुधवार को इस शक्ति प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वीडियो सामने आने पर पुलिस का एक्शन 

वीडियो सामने आने के बाद कोलगवां थाना पुलिस ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए बेटू के अलावा अंकित रजक, श्रीकांत शुक्ला और शिवम यादव उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस चारों को सिद्धार्थ नगर कॉलोनी से करीब डेढ़ किलोमीटर पैदल थाने लेकर गई। इस दौरान एक दिन पहले काफिले के साथ रसूख दिखाने वाले आरोपी कान पकड़े हुए चलते दिखाई दिए।

आरोपियों से हाथ जोड़ मांगी माफी

गिरफ़्तारी के बाद आरोपियों ने पुलिस के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगी और कहा कि आगे से लोगों को डराने-धमकाने के लिए इस तरह का कोई जुलूस नहीं निकालेंगे।इस मामले में सतना के सीएसपी मनीष त्रिपाठी ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर जानकारी दी। हालांकि, चारों के खिलाफ किन धाराओं में मामला दर्ज किया गया है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।

Manisha Kumari Pandey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता जनकल्याण का माध्यम है। एक पत्रकार का काम नई जानकारी को उजागर करना और उस जानकारी को एक संदर्भ में रखना है। ताकि उस जानकारी का इस्तेमाल मानव की स्थिति को सुधारने में हो सकें। देश और दुनिया धीरे–धीरे बदल रही है। आधुनिक जनसंपर्क का विस्तार भी हो रहा है। लेकिन एक पत्रकार का किरदार वैसा ही जैसे आजादी के पहले था। समाज के मुद्दों को समाज तक पहुंचाना। स्वयं के लाभ को न देख सेवा को प्राथमिकता देना यही पत्रकारिता है। अच्छी पत्रकारिता बेहतर दुनिया बनाने की क्षमता रखती है। इसलिए भारतीय संविधान में पत्रकारिता को चौथा स्तंभ बताया गया है। हेनरी ल्यूस ने कहा है, " प्रकाशन एक व्यवसाय है, लेकिन पत्रकारिता कभी व्यवसाय नहीं थी और आज भी नहीं है और न ही यह कोई पेशा है।" पत्रकारिता समाजसेवा है और मुझे गर्व है कि "मैं एक पत्रकार हूं।" View all posts by Manisha Kumari Pandey →
Follow Us :GoogleNews