
इंदौर के क्रिकेट प्रेमियों को नवंबर में घरेलू टी-20 क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलेगा। दरअसल 14 नवंबर से होलकर स्टेडियम में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मुकाबले शुरू होंगे। वहीं इस बार भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी भी मैदान पर नजर आएंगे। अभिषेक दिल्ली और वैभव बिहार की टीम से खेलेंगे। खास बात यह है कि दर्शकों को मैच देखने के लिए कोई टिकट नहीं खरीदना होगा। इंदौर में कुल 21 मुकाबले खेले जाएंगे।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के तहत इंदौर में कुल 21 मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इनमें ज्यादातर मैच होलकर स्टेडियम में खेले जाएंगे जबकि कुछ मुकाबलों की मेजबानी डेली कॉलेज मैदान करेगा। दोनों मैदानों पर मैच के समय में अंतर रहेगा। होलकर स्टेडियम में सभी मुकाबले दिन-रात के होंगे, जबकि डेली कॉलेज में दिन के समय मैच खेले जाएंगे।
इन टीमों के मुकाबले इंदौर में खेले जाएंगे
इंदौर में होने वाले मुकाबलों में दिल्ली, बिहार, सौराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब, रेलवे, तमिलनाडु और जम्मू-कश्मीर की टीमें शामिल होंगी। इस दौरान दिल्ली और बिहार के बीच होने वाला मुकाबला भी खास रहेगा क्योंकि इसमें अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी अपनी-अपनी टीमों का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसके अलावा दिल्ली-पंजाब, दिल्ली-हरियाणा, सौराष्ट्र-बिहार, रेलवे-तमिलनाडु और जम्मू-कश्मीर-दिल्ली जैसी टीमों के बीच भी मुकाबले खेले जाएंगे। अलग-अलग राज्यों की इन टीमों में कई ऐसे खिलाड़ी शामिल होंगे, जो घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में दर्शकों को एक ही मैदान पर अलग-अलग टीमों के खिलाड़ियों का खेल देखने का मौका मिलेगा। मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) के सचिव सुधीर असनानी ने बताया कि होलकर स्टेडियम में टूर्नामेंट के आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
इन खिलाड़ियों पर रहेंगी सबकी नजरें
वहीं इस बार इंदौर में होने वाली सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाले खिलाड़ियों में शामिल हैं। अभिषेक शर्मा अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। वह पावरप्ले में तेजी से रन बनाने और बड़े शॉट लगाने की क्षमता रखते हैं। दिल्ली की टीम से खेलते हुए वह घरेलू टी-20 क्रिकेट में भी अपना प्रदर्शन दिखाएंगे। दूसरी ओर, बिहार के लिए खेलने वाले वैभव सूर्यवंशी युवा बल्लेबाज हैं। कम उम्र में अपनी बल्लेबाजी से उन्होंने क्रिकेट जगत का ध्यान खींचा है। उनकी बल्लेबाजी में तेजी से रन बनाने और बड़े शॉट लगाने की क्षमता देखने को मिलती है।
इंदौर के दर्शकों के लिए इन दोनों खिलाड़ियों को घरेलू टूर्नामेंट में खेलते देखना खास मौका होगा। खासकर दिल्ली और बिहार के बीच मुकाबले में दोनों टीमों के प्रदर्शन पर नजर रहेगी।
बिना टिकट देख सकेंगे सभी मुकाबले
वहीं इस टूर्नामेंट की सबसे खास बात दर्शकों के लिए फ्री एंट्री है। होलकर स्टेडियम और डेली कॉलेज मैदान पर होने वाले मुकाबलों को देखने के लिए दर्शकों को कोई प्रवेश शुल्क नहीं देना होगा। यानी क्रिकेट प्रेमी बिना टिकट खरीदे घरेलू क्रिकेट के इन मैचों का आनंद ले सकेंगे। इससे उन दर्शकों को भी स्टेडियम में मैच देखने का मौका मिलेगा, जो आमतौर पर टिकट की वजह से बड़े मुकाबलों में नहीं पहुंच पाते। खासकर अभिषेक शर्मा जैसे इंटरनेशनल खिलाड़ी और वैभव सूर्यवंशी जैसे युवा बल्लेबाजों को करीब से खेलते देखना दर्शकों के लिए आकर्षण रहेगा।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

