इंदौर में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 1.20 लाख रुपये का मावा जब्त, दो प्रतिष्ठानों से लिए 11 सैंपल

इंदौर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने दो प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुये कुल 11 खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिये भेजे। साथ ही, मिलावट की आशंका के चलते करीब 1.20 लाख रुपये की खाद्य सामग्री जब्त की है।
Indore News

इंदौर: दीपावली के त्योहार को देखते हुए मध्यप्रदेश में मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। त्योहार के दौरान बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए विभाग की टीमें लगातार छापेमार कार्रवाई कर रही हैं और मिलावटखोरों पर शिकंजा कस रही हैं। इसी बीच, इंदौर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को दो खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों से कुल 11 सैंपल​ लिये। जिन्हें जांच के लिये प्रयोगशाला भेजा गया। वहीं, हीं, प्रारंभिक परीक्षण में मानक स्तर के अनुरूप नहीं पाए गए मावा एवं मीठा मावा के स्टॉक को जब्त किया। जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।

मिल्क प्रोडक्ट्स प्रतिष्ठान में मिलीं खामियां

नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन मध्यप्रदेश मनोज पुष्प के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अग्रवाल कंपाउंड, सुखलिया-खातीपुरा स्थित श्री देव प्रेम मिल्क प्रोडक्ट्स का निरीक्षण किया। इस दौरान, दूध का संग्रहण कर उससे पनीर, घी, मावा और मिठाइयों का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही जांच के दौरान परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था भी ठीक नहीं​ मिली। वहीं, खाद्य निर्माण में लगे कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र, पेस्ट कंट्रोल से संबंधित अभिलेख और पानी की जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं कराई गई। इसके अलावा खाद्य पदार्थों का भंडारण अव्यवस्थित पाया गया और परिसर में अनावश्यक सामग्री भी रखी हुई मिली।

1.20 लाख रुपये की खाद्य सामग्री जब्त

खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर ही खाद्य पदार्थों का जांच की। जांच के दौरान मावा और मीठा मावा में मिलावट की आशंका सामने आई। इस दौरान खाद्य विभाग की टीम ने कुल 5 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिये। वहीं मिलावटी की आशंका के चलते मावा और मीठा मावा के उपलब्ध स्टॉक को जब्त कर लिया है। जब्त सामग्री का अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।

श्री गणेश चिप्स भंडार से 6 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिये

इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सांवेर रोड स्थित नमकीन क्लस्टर के श्री गणेश चिप्स भंडार का भी औचक निरीक्षण किया गया। यहां प्रोपराइटर हरीश प्रजापत के प्रतिष्ठान में आलू चिप्स एवं आलू लच्छा का निर्माण किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान परिसर में कुछ सड़े हुए आलू पाए गए, जिन्हें मौके पर ही विनष्ट कराया गया। खाद्य निर्माण में उपयोग किए जा रहे तेल का टीपीएम मीटर से परीक्षण किया गया, जिसमें तेल निर्धारित मानकों के अनुरूप पाया गया। प्रतिष्ठान से आलू चिप्स, आलू लच्छा, मिर्च पाउडर, आमचूर पाउडर, सेंधा नमक एवं काला नमक के कुल 6 सैंपल जांच के लिये भेजे गये।

इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews