
इंदौर: मध्यप्रदेश के इंदौर में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज है। इसी बीच, गुरुवार को क्राइम ब्रांच पुलिस ने नशा तस्करी मामले मेंं कार्रवाई करते हुये 15 ग्राम अवैध मादक पदार्थ (ब्राउन शुगर) के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त किये गये अवैध मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मनोज उर्फ मन्नू पर पहले से ही विभिन्न थानों में NDPS, आर्म्स एक्ट, चोरी, अड़ीबाजी एवं मारपीट सहित लगभग 18 गंभीर आपराध दर्ज हैं। पुलिस आगे की कार्रवाई एवं पूछताछ में जुटी है।
बता दें कि इंदौर पुलिस कमिश्नरेट में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश त्रिपाठी के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच इंदौर द्वारा नशा मुक्ति अभियान के तहत सघन चेकिंग और धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है।
चेकिंग के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ा संदिग्ध
इसी बीच, बुधवार, 4 नवंबर की रात को क्राइम ब्रांच की टीम शहर में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इस दौरान, टीम राजकुमार सब्जी मंडी इन्दौर पहुंची, जहां उसे एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। जैसे ही संदिग्ध व्यक्ति ने पुलिस को देखा तो वह हड़बड़ाने लगा। इसी बीच, क्राइम ब्रांच की टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम मनोज उर्फ मन्नू, निवासी निरंजनपुर, इंदौर बताया।
आरोपी के पास से 15 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद
क्राइम ब्रांच पुलिस ने आरोपी पर कुछ संदेह हुआ और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को उसकी जेब से सफेद रुमाल में 15 ग्राम अवैध मादक पदार्थ ‘ब्राउन शुगर’ बरामद हुई। पुलिस की टीम ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी से अवैध मादक पदार्थों के स्रोत, नेटवर्क एवं सप्लायरों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट
7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.
