इंदौर में पटाखा बाजारों से राजबाड़ा तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम, दुकानों के बाहर रेत-पानी की बाल्टियां रखी गई, भीड़ वाले इलाके में बड़े वाहन प्रतिबंधित

इंदौर में त्योहार के दौरान पटाखों की खरीदारी के लिए बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ रही है। इसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के साथ ट्रैफिक संभालने के इंतजाम किए हैं। शहर में अलग-अलग जगह पटाखा बाजार लगाए गए हैं। यहां दुकानों के बाहर आग से बचाव के लिए जरूरी सामान रखा गया है।
इंदौर में पटाखा बाजारों से राजबाड़ा तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम, दुकानों के बाहर रेत-पानी की बाल्टियां रखी गई, भीड़ वाले इलाके में बड़े वाहन प्रतिबंधित

दीपावली को देखते हुए इंदौर में पटाखा बाजारों से लेकर शहर के व्यस्त बाजारों तक सुरक्षा और ट्रैफिक के इंतजाम किए गए हैं। दरअसल पटाखों की दुकानों के बाहर आग बुझाने के लिए फायर एक्सटिंग्विशर, रेत की बाल्टियां और पानी के ड्रम रखे गए हैं। फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी बाजारों के आसपास राउंड लगा रही है। वहीं राजबाड़ा और आसपास के बाजारों में भी भीड़ को देखते हुए फोर व्हीलर, ऑटो और ई-रिक्शा की आवाजाही पर रोक लगाई गई है।

दरअसल शहर में पटाखा बाजार रीजनल पार्क के पास खाली मैदान, राजीव गांधी चौराहे के नजदीक देवी अहिल्या पटाखा मार्केट, राऊ, गोपुर चौराहे के पास मैदान, सिलिकॉन सिटी और देवगुराड़िया में लगाए गए हैं। इन बाजारों में सुरक्षा के लिहाज से दुकानों के बाहर फायर एक्सटिंग्विशर और रेत की बाल्टियां रखी गई हैं। कुछ दुकानों के बाहर पानी के ड्रम भी रखे गए हैं।

फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी लगा रही राउंड

बता दें पटाखों की दुकानों पर आग लगने की स्थिति में तुरंत इस्तेमाल के लिए ये इंतजाम किए गए हैं। इसके अलावा फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी बाजारों के आसपास राउंड लगा रही है। प्रशासन की गाइडलाइन का पालन कराने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। दुकानदारों से सुरक्षा के लिए जरूरी सामान रखने को कहा गया है। पटाखा बाजारों में इन व्यवस्थाओं के बीच ग्राहक खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं।

राजबाड़ा पर फोर व्हीलर और ऑटो की एंट्री बंद की गई

वहीं दीपावली के दौरान राजबाड़ा और आसपास के बाजारों में भीड़ बढ़ने के कारण ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई है। राजबाड़ा क्षेत्र में फोर व्हीलर, ऑटो रिक्शा और ई-रिक्शा प्रतिबंधित किए गए हैं। जरूरत पड़ने पर टू व्हीलर की आवाजाही भी रोकी जाती है ताकि भीड़ वाले इलाके में वाहनों की वजह से जाम न लगे।

वहीं इस क्षेत्र में पुलिस जवानों के साथ पेट्रोलिंग पार्टी भी लगातार गश्त कर रही है। बाजारों में दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी वालों को मुनादी के जरिए दुकान का सामान तय सीमा के अंदर रखने के लिए कहा जा रहा है। इसका मकसद सड़क पर अतिरिक्त जगह घिरने से रोकना और लोगों के आने-जाने के लिए रास्ता खुला रखना है। त्योहार को देखते हुए शहर के अलग-अलग हिस्सों में भी पुलिस जवान तैनात किए गए हैं।

पटाखों की खरीदारी में फैंसी पटाखों की मांग

पटाखा बाजारों में ग्राहकों की संख्या बढ़ने के साथ व्यापारियों में भी कारोबार को लेकर उत्साह है। व्यापारियों का कहना है कि दीपावली पर खेरची ग्राहकी बढ़ी है और लोग अलग-अलग तरह के पटाखे खरीदने पहुंच रहे हैं। इस बार फैंसी पटाखों की मांग ज्यादा दिखाई दे रही है। बच्चों को आकर्षित करने के लिए कार और रेल के आकार वाले पटाखे भी बाजार में उपलब्ध हैं।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews