इंदौर के सराफा बाजार में पाउडर मिला सोना आने की शिकायत, होलसेलर्स और कारीगरों ने उठाया मामला,पढ़ें पूरी खबर

इंदौर के सराफा बाजार में सोने की शुद्धता को लेकर व्यापारियों के बीच चर्चा तेज हो गई है। इंदौर सोना-चांदी जवाहरात व्यापारी एसोसिएशन को प्रदेशभर से माल खरीदने वाले होलसेलर्स और कुछ कारीगरों ने मिलावट की शिकायत दी है।
इंदौर के सराफा बाजार में पाउडर मिला सोना आने की शिकायत, होलसेलर्स और कारीगरों ने उठाया मामला,पढ़ें पूरी खबर

इंदौर के सराफा बाजार में सोने में मिलावट की शिकायत मिलने के बाद व्यापारियों ने शुद्धता को लेकर सख्ती बरतने का फैसला किया है। दरअसल होलसेलर्स और कारीगरों ने एसोसिएशन को बताया कि कुछ सोने को तपाने पर उसका हिस्सा काला पड़ गया। शिकायत में सोने के साथ किसी तरह का पाउडर मिलाए जाने की आशंका जताई गई है। फिलहाल यह साफ नहीं है कि ऐसा सोना कहां से आया था लेकिन एसोसिएशन ने व्यापारियों और दलालों को माल की जांच के बाद ही कारोबार करने की बात कही है।

दरअसल एसोसिएशन के कार्यकारिणी सदस्य अविनाश शास्त्री के मुताबिक शिकायत मिलने के बाद यह मुद्दा दलाल एसोसिएशन, सराफा व्यापारियों और बुलियन कारोबार से जुड़े लोगों के सामने रखा गया। सभी को साफ कहा गया है कि सोने की शुद्धता की जांच किए बिना कोई माल नहीं लिया जाए। एसोसिएशन का कहना है कि ग्राहकों का भरोसा बनाए रखना कारोबार के लिए सबसे जरूरी है।

सोने में पाउडर मिलाने की शिकायत

वहीं अविनाश शास्त्री ने बताया कि होलसेलर्स के पास प्रदेश के अलग-अलग इलाकों से सोना आता है। कुछ होलसेलर्स और कारीगरों ने शिकायत की कि उन्हें मिले सोने में पाउडर जैसा पदार्थ मिला हुआ था। जब सोने को तपाया गया तो कुछ जगह उसका रंग काला पड़ गया। इस शिकायत के बाद एसोसिएशन ने मामले को गंभीरता से लिया और कारोबार से जुड़े लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा। अविनाश शास्त्री के अनुसार, दलाल एसोसिएशन और इंदौर सोना-चांदी जवाहरात व्यापारी एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बुलियन कारोबारियों के बीच भी यह बात रखी गई।

बैठक में फैसला लिया गया कि इस तरह के संदिग्ध माल का कारोबार नहीं किया जाएगा। हालांकि अभी यह जानकारी सामने नहीं आई है कि पाउडर मिला सोना कहां से आया था और इसकी सप्लाई किसके जरिए हुई। एसोसिएशन ने फिलहाल किसी व्यक्ति या फर्म का नाम नहीं बताया है। अविनाश शास्त्री ने कहा कि आगे ऐसी कोई शिकायत या जानकारी मिलती है तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर कानूनी कदम भी उठाए जाएंगे। उनका कहना है कि व्यापारी वही सोना खरीदें और आगे बेचें, जिसकी शुद्धता को लेकर वे संतुष्ट हों।

ग्राहकों का भरोसा बनाए रखने पर जोर

दरअसल इंदौर के सराफा बाजार में कई व्यापारियों की दुकानें और पेढ़ियां पीढ़ियों से चल रही हैं। अविनाश शास्त्री ने बताया कि कुछ कारोबारियों की ग्राहकी 80 से 100 साल पुरानी है। ग्राहक लंबे समय से इन व्यापारियों से सोने-चांदी के आभूषण खरीदते आ रहे हैं। ऐसे में किसी भी तरह की मिलावट से व्यापारियों की प्रतिष्ठा और ग्राहकों का भरोसा प्रभावित हो सकता है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews