
इंदौर में पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के आने वाले कॉन्सर्ट से पहले महापौर पुष्यमित्र भार्गव को धमकी भरे ई-मेल मिलने का मामला सामने आया है। दरअसल पिछले 15 दिनों में उनके व्यक्तिगत ई-मेल पर दो संदेश भेजे गए हैं जिनमें शहर में दिलजीत का शो नहीं होने देने की बात कही गई है। महापौर ने दोनों ई-मेल इंदौर पुलिस को फॉरवर्ड कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस ऐसी धमकियों से निपटने में सक्षम है और शहर में कार्यक्रमों का आयोजन जारी रहेगा।
महापौर के मुताबिक दोनों संदेश अंग्रेजी में लिखे गए हैं और करीब 15 दिनों के अंतराल में उनके व्यक्तिगत ई-मेल पर आए हैं। इनमें दिलजीत का कार्यक्रम इंदौर में नहीं होने देने की धमकी दी गई है। संदेशों में खालिस्तानी सहित एक अन्य नाम का भी जिक्र है। महापौर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों ई-मेल पुलिस को भेज दिए हैं।
दिलजीत दोसांझ के शो को लेकर था ई-मेल
दरअसल महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि दोनों ई-मेल लगभग एक जैसे हैं। इनमें इंदौर में दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट नहीं होने देने की बात कही गई है। हालांकि ई-मेल भेजने वाले की पहचान और धमकी के पीछे की वजह को लेकर फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है। महापौर ने बताया कि संदेशों में खालिस्तानी समेत एक अन्य नाम का उल्लेख किया गया है। इस संबंध में उन्होंने खुद से कोई निष्कर्ष निकालने के बजाय ई-मेल पुलिस को भेज दिए हैं ताकि एजेंसियां मामले की जांच कर सकें।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इस बात पर जताई संभावना
वहीं ई-मेल मिलने के पीछे की संभावित वजह बताते हुए महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि नगर निगम, मेयर हाउस और मेयर ऑफिस के जरिए शहर में होने वाले कार्यक्रमों की अनुमति देने की व्यवस्था को देखते हुए ऐसा किया गया हो सकता है। उनके मुताबिक कार्यक्रमों की अनुमति से जुड़ी व्यवस्था के कारण उन्हें निशाना बनाया गया हो सकता है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने साफ किया कि ये संदेश उनके निजी ई-मेल अकाउंट पर आए थे। उन्होंने इन्हें अपने पास रखने के बजाय पुलिस को फॉरवर्ड कर दिया है।
महापौर बोले – इंदौर पुलिस धमकियों से निपटने में सक्षम
पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर पुलिस और दूसरी पुलिस एजेंसियां इस तरह की धमकियों से निपटने में सक्षम हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि पुलिस मामले को देखेगी और जरूरी कदम उठाएगी। महापौर भार्गव का कहना है कि इस तरह के संदेशों से शहर में होने वाले कार्यक्रमों पर असर नहीं पड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि इंदौर में अच्छे और देशभक्त लोगों के कार्यक्रम होते रहने चाहिए।
दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम को लेकर महापौर ने यह भी कहा कि उनका शो पहले भी इंदौर में हो चुका है और आने वाला कार्यक्रम भी होगा। उनके मुताबिक धमकी भरे ई-मेल मिलने से शहर में कार्यक्रमों के आयोजन पर कोई फर्क नहीं पड़ना चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि किसी भी धमकी के कारण सांस्कृतिक और मनोरंजन से जुड़े आयोजनों को रोकने की स्थिति नहीं बननी चाहिए।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

