
नीमच शहर में सर्दियों की दस्तक के साथ ही चोरी की संभावित वारदातों पर लगाम लगाने के लिए नीमच पुलिस पूरी अलर्ट मोड पर है। इलाके में होने वाली छोटी-बड़ी चोरियों की जड़ तक पहुंचने और चोरी का माल खपाने के नेटवर्क को तोड़ने के लिए अब पुलिस की नजर कबाड़ कारोबार पर है।
अक्सर यह देखा जाता है कि चोर गिरोह या नशे के जुड़े अपराधी चोरी किए गए सामान को कम दामों में कबाड़ की दुकानों पर बेच देते हैं। इसी आशंका को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने विशेष जांच अभियान की शुरुआत की है। जिसके तहत शहर में लगातार कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में बघाना और नीमच सिटी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्वालटोली के पास गाडोलिया बस्ती के सामने स्थित ‘गांधी स्क्रैप शॉप’ पर दबिश दी। इसके के बाद कबाड़ दुकान में रखे सामान को सील कर दिया गया है। जांच शुरू कर दी है।
अचानक पहुंची पुलिस की संयुक्त टीम
पुलिस की संयुक्त टीम जब अचानक गाडोलिया बस्ती के सामने स्थित गांधी स्क्रैप शॉप पर पहुंची, तो आसपास के कबाड़ व्यवसायियों में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम ने दुकान परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। वहां मौजूद कबाड़ की जानकारी जुटाई।
सामान किया सील, बिलों से होगा मिलान
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि प्रारंभिक कार्रवाई के दौरान फिलहाल दुकान से न तो कोई सामग्री जब्त की गई है और न ही किसी प्रकार के दस्तावेज कब्जे में लिए गए हैं। हालांकि, एहतियात और निष्पक्ष जांच के तौर पर दुकान में रखे स्क्रैप के सामान को सील कर दिया गया है। सामान सील करने का मुख्य उद्देश्य यह है कि मौके पर रखे माल में कोई हेरफेर न हो सके और विस्तृत जांच के दौरान उसके स्रोत व खरीद-बिक्री के पक्के बिलों का सटीक मिलान किया जा सके।
वैधानिक खरीद की होगी बारीकी से पड़ताल
आगामी जांच में पुलिस यह पता लगाएगी कि गांधी स्क्रैप शॉप में जमा किया गया सामान वैधानिक तरीके से खरीदा गया है या नहीं। दुकान संचालक से माल की आवक के संबंध में बिल, रजिस्टर और बेचने वालों के पहचान पत्रों की जानकारी मांगी जाएगी। यदि किसी सामान का वैध स्रोत या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जाता है, तो पुलिस नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई करेगी।
अन्य कबाड़ दुकानों की भी होगी जांच
पुलिस प्रशासन का कहना है यह कार्रवाई केवल एक दुकान तक सीमित नहीं रहेगी। शहर के बघाना, नीमच सिटी और कैंट क्षेत्र में संचालित अन्य कबाड़ दुकानों व गोदामों की भी सूची तैयार की गई है। जहां जल्द ही आकस्मिक जांच की जाएगी।
नीमच से कमलेश सारडा की रिपोर्ट

