आयुष्मान योजना के नाम पर ठगी का आरोप, पीड़ित परिवार ने कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार

पूजा बंजारा ने बताया कि उन्होंने 20 फरवरी 2026 को कैंट थाना नीमच में भी शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई।
Ayushman Yojana fraud Allegations Neemuch

Ayushman Yojana fraud Allegations Neemuch

नीमच कलेक्टर की जनसुनवाई में मंगलवार को एक पीड़ित परिवार ने निजी अस्पताल पर आयुष्मान योजना के नाम पर ठगी का गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई। मनासा तहसील की निवासी पूजा बंजारा ने आवेदन देकर बताया कि उनके पति राजू बंजारा सड़क हादसे में घायल हो गए थे, जिनकी जांघ की हड्डी टूटने पर उन्हें नीमच के श्री राम मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में 3 दिसम्बर 2025 को भर्ती कराया गया था। वे 11 दिन तक अस्पताल में भर्ती रहे, जहां उनका ऑपरेशन किया गया।

आवेदिका ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन ने शुरुआत में आयुष्मान योजना के तहत निशुल्क इलाज का आश्वासन दिया, लेकिन ऑपरेशन के बाद योजना का लाभ देने से मना कर दिया। इस दौरान इलाज के नाम पर अस्पताल द्वारा करीब 1.50 लाख रुपये नकद वसूल लिए गए। जबकि आयुष्मान योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को 5 लाख रुपये तक का निशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाता है। पीड़िता का यह भी आरोप है कि बार-बार मांग करने के बावजूद अस्पताल ने इलाज का बिल और संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए।

पुलिस में शिकायत के बाद भी नहीं मिली मदद 

पूजा बंजारा ने बताया कि उन्होंने 20 फरवरी 2026 को कैंट थाना नीमच में भी शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, अस्पताल से इलाज का बिल उपलब्ध कराने और वसूली गई राशि वापस दिलाने की मांग की है।

प्रशासन से न्याय की गुहार 

इस संबंध में अस्पताल के डॉक्टर यशवंत पाटीदार से संपर्क करने पर उन्होंने ऑपरेशन थियेटर में व्यस्त होने की बात कहकर बाद में जानकारी देने की बात कही। प्रशासन द्वारा मामले की जांच के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews