नीमच सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम रेवली देवली में सोमवार सुबह हालात उस समय तनावपूर्ण हो गए, जब हाल ही में सड़क हादसे में मृत हुए कारूलाल सेन के परिजन व ग्रामीण अचानक सड़क पर उतर आए। परिजनों ने दिवंगत कारूलाल की तस्वीर मुख्य मार्ग पर रखकर चक्का जाम कर दिया। थोड़ी ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शनकारियों ने जीरन पुलिस पर गंभीर लापरवाही और एफआईआर दर्ज न करने के आरोप लगाए।
बता दें, 11 नवंबर को फोफलिया मार्ग पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार कारूलाल सेन और उनकी पत्नी रेखा सेन को जोरदार टक्कर मारी थी। हादसे में कारूलाल की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उनकी पत्नी गंभीर घायल हैं। उनका इलाज अहमदाबाद में जारी है। परिजन घटना के बाद से ही आरोपी कार चालक की गिरफ्तारी और सख्त धाराओं में एफआईआर की मांग कर रहे थे।
एफआईआर न होने पर भड़के परिजन
कई दिनों तक कार्रवाई न होने पर परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता गया। सोमवार सुबह उन्होंने रेवली देवली में मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया और पुलिस पर लापरवाही व कथित रिश्वत लेने के आरोप लगाए। इससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।
प्रशासन की समझाइश के बाद खुला जाम
सूचना मिलते ही सीएसपी किरण चौहान, सिटी थाना प्रभारी पुष्पा सिंह चौहान और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। बाद में एसडीएम संजीव साहू भी पहुंचे और परिजनों से चर्चा की। करीब दो घंटे की समझाइश के बाद सहमति बनी और पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया। इसके बाद चक्का जाम खत्म कराया गया।
पुलिस का बयान
सीएसपी किरण चौहान ने बताया कि परिजनों की सभी मांगों को गंभीरता से लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और वाहन भी जब्त कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
[dgv_vimeo_video id=”1137589764″]
[dgv_vimeo_video id=”1137589885″]
[dgv_vimeo_video id=”1137590027″]
नीमच से कमलेश सारड़ा की रिपोर्ट






