नशे के सौदागरों और आदतन अपराधियों की अब खैर नहीं, आईजी राकेश गुप्ता ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

आईजी राकेश गुप्ता ने कहा अपराधों की रोकथाम और घटनाओं के तुरंत खुलासे के लिए तकनीकी निगरानी को मजबूत किया जाएगा। पुलिस गांव, गली और कस्बों में आम जनता के सहयोग से सीसीटीवी कैमरों का नेटवर्क बढ़ाएगी।
IG Rakesh Gupta Neemuch Police Crime Review Meeting

IG Rakesh Gupta Neemuch Police Crime Review Meeting

पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन राकेश गुप्ता आज नीमच पहुंचे, उन्होंने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के साथ अपराधों की समीक्षा की, आईजी ने कानून व्यवस्था और बढ़ते अपराधों को लेकर कड़े तेवर दिखाए हैं। मीडिया से बात करते उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि आने वाले समय में नशे के कारोबारियों, आदतन अपराधियों और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस का बड़ा एक्शन देखने को मिलेगा।

मीडिया से बातचीत में आईजी राकेश गुप्ता ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2029 तक ‘नशा मुक्त भारत’ के राष्ट्रीय लक्ष्य को हासिल करने के लिए पुलिस पूरी ताकत झोंक देगी। उन्होंने कहा  प्रदेश में सामने आ रही एमडी (MD) ड्रग्स फैक्ट्रियों और इसके फैले हुए नेटवर्क को केवल पकड़ना ही नहीं, बल्कि जड़ से नेस्तनाबूद करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा  युवाओं को नशे के दलदल से बाहर निकालने और बचाने के लिए जिले में विशेष जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।

आदतन अपराधियों की रद्द होगी जमानत

आईजी ने कहा अपराधियों में पुलिस का खौफ पैदा करने के लिए सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि जो अपराधी बार-बार अपराध करते हैं, उनके खिलाफ नरमी नहीं बरती जाएगी और ऐसे आदतन अपराधियों की जमानत निरस्त कराने की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा चोरी, लूट जैसी वारदातों में शामिल बदमाशों की निगरानी और गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिछेगा सीसीटीवी कैमरों का जाल

आईजी राकेश गुप्ता ने कहा अपराधों की रोकथाम और घटनाओं के तुरंत खुलासे के लिए तकनीकी निगरानी को मजबूत किया जाएगा। पुलिस गांव, गली और कस्बों में आम जनता के सहयोग से सीसीटीवी कैमरों का नेटवर्क बढ़ाएगी। इसके साथ ही पुलिस के सूचना तंत्र (मुखबिर नेटवर्क) को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया है।

सड़क सुरक्षा और यातायात जागरूकता

आईजी ने बताया कि बैठक में सड़क सुरक्षा के मुद्दे पर भी विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने जिले में सड़क दुर्घटनाओं में आई कमी को एक सकारात्मक संकेत बताया। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात पुलिस का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं है, बल्कि हादसों को रोकना है। इसलिए वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए यातायात अभियान लगातार जारी रहेंगे।

20 साल बाद लौटे, बोले नीमच अब मॉडर्न हो गया है 

बहरहाल 20 साल पहले नीमच के एसपी रहे राकेश गुप्ता अब उज्जैन रेंज के आईजी बनाये गए हैं जिसमें नीमच जिला भी आता है, आज नीमच पहुँचने पर उनकी पुरानी यादें वापस लौट आई, उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा अब नीमच मॉडर्न हो गया है सुन्दर तो पहले ही था अब और सुन्दर हो गया है। हालाँकि उनके तेवर अभी भी वही कड़क अंदाज वाले हैं,  उनका संदेश बिल्कुल साफ है पुलिस अब बचाव की मुद्रा में नहीं बल्कि आक्रामक मोड में काम करेगी। नशे के काले कारोबार और जिले में पनप रहे अपराधों के खिलाफ अब पुलिस की कार्रवाई बेहद निर्णायक और सख्त होने वाली है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews