गैस एजेंसी की मनमानी: ‘कैश एंड कैरी’ का लाभ न देने और ग्राहकों से बदसलूकी पर कलेक्टर से शिकायत

पीड़ित शंकरलाल धनगर का आरोप है कि गैस एजेंसी संचालक सिलेंडर की कृत्रिम किल्लत का फायदा उठाकर ग्राहकों से खुलेआम अधिक दाम वसूल रहा है और अवैध कमाई कर रहा है।
Neemuch News

Neemuch News

नीमच जिले की मनासा तहसील में एक गैस एजेंसी की घोर मनमानी और ग्राहकों के साथ बदसलूकी का गंभीर मामला सामने आया है। ‘कैश एंड कैरी’ योजना का लाभ मांगने पर एजेंसी के कर्मचारियों द्वारा उपभोक्ताओं के साथ गाली-गलौज और मारपीट की जा रही है। इस मामले में मनासा तहसील के ग्राम पड़दा निवासी एक पीड़ित उपभोक्ता ने सीधे जिला कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है।

ग्राम पड़दा, तहसील मनासा निवासी शिकायतकर्ता शंकरलाल धनगर (पिता भगतरामजी धनगर) ने 30 मार्च 2026 को नीमच जिलाधीश को एक आवेदन प्रस्तुत किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मनासा स्थित ‘श्री अंबिका इंडियन गैस एजेंसी’ के संचालक और कर्मचारी लगातार ग्राहकों के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं। नियम के मुताबिक, गोदाम से स्वयं सिलेंडर ले जाने वाले उपभोक्ताओं को ‘कैश एंड कैरी’ के तहत रिबेट (छूट) मिलनी चाहिए। लेकिन जब ग्राहक इस छूट की मांग करते हैं, तो एजेंसी के कर्मचारी भड़क जाते हैं और मारपीट व गाली-गलौज पर उतारू हो जाते हैं।

वायरल वीडियो और अवैध वसूली के आरोप

ज्ञापन में बताया गया है कि कर्मचारियों की इस दबंगई और ग्राहकों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार का एक वीडियो भी स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है। पीड़ित शंकरलाल धनगर का आरोप है कि गैस एजेंसी संचालक सिलेंडर की कृत्रिम किल्लत का फायदा उठाकर ग्राहकों से खुलेआम अधिक दाम वसूल रहा है और अवैध कमाई कर रहा है। एजेंसी की इस कार्यप्रणाली से ग्रामीण और स्थानीय उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश है।

जांच और कार्रवाई की मांग

शिकायतकर्ता शंकरलाल धनगर सहित अन्य स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की तत्काल और निष्पक्ष जांच करवाई जाए। उन्होंने कलेक्टर से अपील की है कि ‘श्री अंबिका इंडियन गैस एजेंसी’ के संचालक के खिलाफ अनुशासनात्मक और दंडात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि आम उपभोक्ताओं को ‘कैश एंड कैरी’ का उनका वाजिब हक मिल सके और कर्मचारियों की गुंडागर्दी पर लगाम लग सके। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाता है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews