
Neemuch Narcotic pills recovered from prisoner during Checking
मध्य प्रदेश की कनावटी (नीमच) जिला जेल में सुरक्षा को धता बताकर नशा तस्करी का एक अनोखा मामला सामने आया है। राजसमंद से ट्रांसफर होकर आए एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के एक शातिर कैदी ने सिर पर पहनने वाले टोपी (कैप) की सिलाई में नशीली गोलियां छुपा रखी थीं। हालांकि, जेल में प्रवेश से पहले कड़ी निगरानी और तलाशी के दौरान मुस्तैद जेल प्रहरियों ने इस साजिश को नाकाम कर दिया।
तलाशी में खुला राज, सिलाई के अंदर मिलीं गोलियां
जानकारी के अनुसार, एनडीपीएस मामले में विचाराधीन कैदी श्रवण (पिता रतनलाल जाट) को हाल ही में पुलिस सुरक्षा के बीच राजसमंद जेल से नीमच शिफ्ट किया गया था। जेल मैनुअल के तहत जब उसकी बारीकी से तलाशी ली गई, तो प्रहरियों को उसके टोपे की बनावट कुछ संदिग्ध लगी। शक होने पर जब टोपे की सिलाई खोली गई, तो उसके अंदर से 2 नशीली गोलियां बरामद हुईं।
भूख हड़ताल की फैलाई झूठी अफवाह
जेल के अंदर नशा ले जाने की इस घटना के बाद परिसर में हड़कंप मच गया। इस बीच माहौल बिगाड़ने और दबाव बनाने के लिए यह सनसनीखेज अफवाह भी फैलाई गई कि जेल में 5 कैदियों ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है। हालांकि, जेल प्रबंधन ने इसे कोरी अफवाह बताते हुए तत्काल खारिज कर दिया।
हाई-सिक्योरिटी बैरक में शिफ्ट, की गई कार्रवाई
नशीली गोलियां मिलने के बाद जेल प्रशासन ने सख्त एक्शन लिया है। आरोपी कैदी श्रवण और उसके संदिग्ध साथियों को तुरंत अलग-अलग हाई-सिक्योरिटी बैरकों में शिफ्ट कर दिया गया है। साथ ही इन बंदियों को जेल नियमों के उल्लंघन का दोषी मानते हुए दण्डित किया गया है। इस मामले की पुष्टि करते हुए जिला जेल अधीक्षक एनएस राणा ने बताया कि कैदी के पास से नशे की दो गोलियां बरामद की गई हैं। जेल प्रशासन अब कैदियों के इस नेटवर्क और उनकी हर गतिविधि पर पैनी नजर रख रहा है।
कमलेश सारड़ा की रिपोर्ट
30 वर्षों से रिपोर्टिंग; दैनिक भास्कर, बंसल न्यूज, पत्रिका और द सूत्र के साथ कार्य.

