स्कूल में घुसकर बच्चियों से छेड़छाड़, आरोपी शब्बीर गिरफ्तार, आक्रोश में नयागांव बंद कर प्रदर्शन

मध्य प्रदेश के नीमच जिले में एक स्कूल की बाउंड्री फांदकर बच्चियों से छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के विरोध में शुक्रवार को नयागांव में बाजार बंद रहा और लोगों ने प्रदर्शन किया।
स्कूल में घुसकर बच्चियों से छेड़छाड़, आरोपी शब्बीर गिरफ्तार, आक्रोश में नयागांव बंद कर प्रदर्शन

नीमच: मध्य प्रदेश के नीमच जिले के नयागांव कस्बे में स्कूली छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की घटना को लेकर शुक्रवार को भारी आक्रोश देखने को मिला। आरोपी की गिरफ्तारी के बावजूद, गुस्साए लोगों और हिंदू संगठनों ने पूरा बाजार बंद रखा और विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस के अनुसार, यह सनसनीखेज मामला जावद तहसील के एक प्राथमिक विद्यालय का है। करीब दो माह से एक अधेड़ व्यक्ति स्कूल की बाउंड्रीवॉल फांदकर परिसर में घुसता था और नाबालिग छात्राओं के साथ अश्लील हरकतें करता था। आरोप है कि विरोध करने पर वह बच्चियों को जान से मारने की धमकी भी देता था।

[dgv_vimeo_video id=”1130164746″]

डर की वजह से बच्चियों ने छोड़ा स्कूल, ऐसे हुआ खुलासा

आरोपी के लगातार उत्पीड़न से तंग आकर कुछ बच्चियों ने डर के कारण स्कूल जाना ही बंद कर दिया था। जब परिजनों ने उनसे वजह पूछी तो उन्होंने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ।

पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई, आरोपी जेल में

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बुधवार रात को ही आरोपी शब्बीर (40 वर्ष), निवासी सूरज कॉलोनी, नयागांव को गिरफ्तार कर लिया। जावद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। गुरुवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

आक्रोश में बंद रहा नयागांव, बुलडोजर एक्शन की मांग

यह घिनौनी घटना सामने आने के बाद से ही कस्बे में तनाव का माहौल है। शुक्रवार को स्थानीय दुकानदारों ने स्वेच्छा से अपनी दुकानें बंद रखीं। आक्रोशित परिजनों, स्थानीय नागरिकों और हिंदू संगठनों ने मिलकर एक जुलूस निकाला और आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी की अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलाने की भी मांग करते हुए टीआई जितेंद्र वर्मा को ज्ञापन सौंपा।

टीआई जितेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि कस्बे में शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

[dgv_vimeo_video id=”1130164593″]

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
Banshika Sharma

कंटेंट राइटर

मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma →
Follow Us :GoogleNews