घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, नीमच में 14 सिलेंडर जब्त

कलेक्टर के निर्देश पर नीमच में डॉमेस्टिक गैस सिलेंडर के कमर्शियल इस्तेमाल के खिलाफ कार्रवाई जारी है। व्यावसायिक संस्थानों के लिए निर्देश भी जारी किए गए हैं।
Neemuch news

नीमच में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जावद तहसील के ग्राम खोर में विक्रम सीमेंट फैक्ट्री के समीप विभिन्न स्थानों पर जांच कर 14 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं।

अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जावद संजीव साहू और जिला आपूर्ति अधिकारी अजीत कुमार सिंह के निर्देश पर कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी विजय दिनामा और जितेन्द्र नागर ने तहसीलदार जावद के साथ संयुक्त रूप से जांच कार्रवाई की। जांच के दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग और अवैध रिफिलिंग के मामले सामने आए।

कार्रवाई के दौरान मेसर्स सुरेंद्र पिता रघुवीर सिंह झाला से 1, मेसर्स हेमंत पिता कन्हैयालाल मंडारा से 2, मेसर्स जितेंद्र पिता भोपाल सिंह से 4, नारायण पिता शंभूलाल नागदा से 3 तथा मेसर्स प्रताप पिता सावन सिंह से 4 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इस प्रकार कुल 14 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए है।

आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज

जब्त सिलेंडरों से जुड़े लोगों के खिलाफ अपर कलेक्टर, जिला नीमच के न्यायालय में प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। जिला आपूर्ति अधिकारी अजीत कुमार सिंह ने बताया कि जिले में होटल, रेस्टोरेंट, संस्थानों तथा अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग एवं वाहनों में गैस की अवैध रिफिलिंग करने वालों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

जिला आपूर्ति विभाग ने की ये अपील 

अजीत कुमार सिंह का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग एवं अवैध रिफिलिंग के खिलाफ जिले में कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। जिला आपूर्ति विभाग ने जिले के सभी होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक संस्थानों से अपील की है कि वे खाना पकाने और अन्य व्यावसायिक कार्यों के लिए केवल अधिकृत व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का ही उपयोग करें। साथ ही गैस सिलेंडरों की खरीदी से संबंधित आवश्यक दस्तावेज और बिल सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि जांच के दौरान उनका सत्यापन किया जा सके।

कमलेश सारडा की रिपोर्ट 

Kamlesh Sarda
लेखक के बारे में
Kamlesh Sarda

30 वर्षों से रिपोर्टिंग; दैनिक भास्कर, बंसल न्यूज, पत्रिका और द सूत्र के साथ कार्य.

I'm reporter last 30 years I'm working with danik bhaskar, bansal news, patrika, the sootra, mp breaking news also View all posts by Kamlesh Sarda →
Follow Us :GoogleNews