खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 2.32 लाख का घी जब्त, 8 सैंपल भोपाल भेजे गए, रिपोर्ट तक बिक्री पर रोक

नीमच में खाद्य सुरक्षा विभाग  की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। 2 लाख रुपये से अधिक का घी जब्त किया गया है। सैंपल को भोपाल भेजा गया है। रिपोर्ट के बाद ही गुणवत्ता की स्थिति स्पष्ट होगी। 
Neemuch news

नीमच में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मानकों की जांच को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में शनिवार को खाद्य सुरक्षा टीम ने वीर पार्क रोड स्थित अग्रवाल संस घी डीलर प्रतिष्ठान का आकस्मिक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में श्रीमूल ब्रांड का घी भंडारित पाया गया।

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में मानव उपभोग के लिए बिक्री के लिए श्रीमूल ब्रांड के अलग-अलग पैकिंग में शुद्ध घी एवं गाय का घी रखा हुआ था। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के प्रावधानों के तहत टीम ने गुणवत्ता एवं मानक स्तर की जांच के लिए घी के कुल 8 नमूने लिए हैं। जिन्हें जांच के लिए भोपाल भेजा गया है।

इन नमूनों में श्रीमूल गाय का घी और शुद्ध घी की 1 लीटर, 500ML, 200 ML, 5 किलोग्राम और 15 किलोग्राम टीन पैकिंग शामिल हैं। सैंपल लेने के बाद बचे हुए घी को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत अधिग्रहित कर जब्त कर लिया गया है।

जांच रिपोर्ट आने तक बिक्री पर रोक 

खाद्य सुरक्षा टीम के मुताबिक कार्रवाई के दौरान करीब 179 लीटर एवं 302 किलोग्राम घी जब्त किया गया है। इसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 32 हजार रुपये बताई जा रही। सभी 8 सैंपल को मानक स्तरों की जांच के लिए खाद्य विश्लेषक, राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, ईदगाह हिल्स भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट मिलने तक  तक संबंधित खाद्य पदार्थ की बिक्री पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट के बाद ही घी की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।

अब तक 5 लाख से अधिक का घी जब्त 

खाद्य सुरक्षा विभाग के मुताबिक में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निरीक्षण और नमूना कार्रवाई की जा रही है। पिछले कुछ दिनों में घी के कुल 15 नमूने लिए जा चुके हैं और करीब 5 लाख रुपये से अधिक मूल्य का घी जब्त किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों की जांच का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू सोलंकी, यशवंत कुमार शर्मा सहित खाद्य सुरक्षा टीम के अन्य अधिकारी मौजूद रहें।

Manisha Kumari Pandey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता जनकल्याण का माध्यम है। एक पत्रकार का काम नई जानकारी को उजागर करना और उस जानकारी को एक संदर्भ में रखना है। ताकि उस जानकारी का इस्तेमाल मानव की स्थिति को सुधारने में हो सकें। देश और दुनिया धीरे–धीरे बदल रही है। आधुनिक जनसंपर्क का विस्तार भी हो रहा है। लेकिन एक पत्रकार का किरदार वैसा ही जैसे आजादी के पहले था। समाज के मुद्दों को समाज तक पहुंचाना। स्वयं के लाभ को न देख सेवा को प्राथमिकता देना यही पत्रकारिता है। अच्छी पत्रकारिता बेहतर दुनिया बनाने की क्षमता रखती है। इसलिए भारतीय संविधान में पत्रकारिता को चौथा स्तंभ बताया गया है। हेनरी ल्यूस ने कहा है, " प्रकाशन एक व्यवसाय है, लेकिन पत्रकारिता कभी व्यवसाय नहीं थी और आज भी नहीं है और न ही यह कोई पेशा है।" पत्रकारिता समाजसेवा है और मुझे गर्व है कि "मैं एक पत्रकार हूं।" View all posts by Manisha Kumari Pandey →
Follow Us :GoogleNews