कपास की आड़ में लहलहा रहा था 97 लाख का ‘काला सोना’, पुलिस के ड्रोन ने आसमान से पकड़ी अवैध खेती

सूचना के बाद इसकी तस्दीक की गई फिर डीआईजी व एसपी की मंशा के अनुरूप पुलिस टीम ने आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए ड्रोन कैमरे के माध्यम से इस अवैध खेती को ढूंढ निकाला।
illegal opium cultivation in a cotton field Neemuch

illegal opium cultivation in a cotton field Neemuch

जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नीमच पुलिस ने अब तस्करों पर ‘तीसरी आंख’ यानी ड्रोन से नजर रखना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में रतनगढ़ पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए ग्राम लुहारिया जाट में कपास की फसल के बीच छिपाई गई करोड़ों रुपये मूल्य की अवैध अफीम की खेती को पकड़ा है। पुलिस ने मौके से करीब 97 लाख 60 हजार रुपये की अवैध अफीम के पौधे जब्त कर खेत मालिक को गिरफ्तार कर लिया है।

कपास के बीच छिपा रखी थी मौत की फसल

रतनगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह जादौन ने बताया कि मादक पदार्थों की खेती को पकड़ने के लिए मुखबिर तंत्र के साथ आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाए। इसी तारतम्य में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लुहारिया जाट के एक खेत में संदिग्ध खेती हो रही है। तस्कर ने पुलिस को चकमा देने के लिए खेत के चारों ओर और बीच-बीच में कपास की फसल लगा रखी थी। पुलिस ने जब 11 फरवरी को संदिग्ध खेत के ऊपर ड्रोन उड़ाया, तो कैमरे की नजर से सच छुप नहीं सका। आसमान से ली गई तस्वीरों में कपास के बीच अफीम के हरे पौधे साफ दिखाई दिए।

11,600 पौधे, वजन 9.76 क्विंटल

ड्रोन से पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने लुहारिया जाट निवासी हीरालाल पिता घिसालाल माली (43) के खेत पर दबिश दी। पुलिस ने जब खेत की तलाशी ली, तो वहां अफीम की बंपर फसल तैयार खड़ी थी। पुलिस ने मौके से अफीम के छोटे-बड़े कुल 11,600 हरे पौधे उखाड़े। इनका वजन करने पर कुल मात्रा 9 क्विंटल 76 किलोग्राम पाई गई। जब्तशुदा अफीम के पौधों की कीमत करीब 97 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है।

आरोपी गिरफ्तार, एनडीपीएस में मामला दर्ज

पुलिस ने मौके से ही खेत मालिक हीरालाल माली को गिरफ्तार कर लिया है। कानूनी औपचारिकताओं के बाद बरामद अफीम के पौधों को जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट 1985 की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी से सख्ती से पूछताछ कर रही है कि वह यह अफीम किसे सप्लाई करने वाला था और इस नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं।

थाना प्रभारी, रतनगढ़ मनोज सिंह जादौनअवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। मुखबिर की सूचना और ड्रोन सर्चिंग के आधार पर लुहारिया जाट में कार्रवाई की गई है। कपास के बीच अफीम की खेती की जा रही थी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और विवेचना जारी है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews