नीमच मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के खिलाफ मध्य प्रदेश में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नीमच पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले के जावद थाना क्षेत्र के अंतर्गत सरवानिया महाराज पुलिस चौकी ने एक बिना नंबर की अल्टो कार से अवैध रूप से ले जाया जा रहा 36 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। इस कार्रवाई में राजस्थान के जोधपुर जिले के रहने वाले दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
नीमच पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देश पर पुलिस अधिकारी नशे के सौदागरों पर पैनी नजर बनाये हुये हैं, सभी थाना प्रभारियों ने मुखबिर तंत्र को भी एक्टिव किया हुआ है इसी क्रम में जावद की सरवानिया महाराज पुलिस चौकी को मुखबिर से सूचना मिली कि अवैध मादक पदार्थ का परिवहन क्षेत्र से किया जाने वाला है।
मादक पदार्थ के अवैध परिवहन की सूचना पर पुलिस एक्टिव हुई और लासुर-मोरवन रोड पर नागेश्वर मंदिर के सामने आम सड़क पर सघन नाकाबंदी की। इसी दौरान बिना नंबर की एक संदिग्ध अल्टो कार वहां से गुजरी, जिसे रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 36 किलो अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। उसमें दो तस्कर थे जिन्हें पुलिस ने पकड़ लिया
जोधपुर राजस्थान के रहने वाले हैं तस्कर
पुलिस ने जब उनके नाम पते पूछे तो एक ने अपना नाम राकेश चौधरी, निवासी जिला जोधपुर राजस्थान बताया वहीं दूसरे ने अपना नाम संजय जाट, निवासी जिला जोधपुर राजस्थान बताया, दोनों आरोपियों की उम्र 32 साल है और दोनों एक ही थाना क्षेत्र भोपालगढ़ के रहने वाले हैं
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 36 किलो डोडाचूरा और तस्करी में प्रयुक्त अल्टो कार को जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ जावद थाने में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह मादक पदार्थ कहां से लाया जा रहा था और इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी। पकडे गए डोडा चूर की कीमत 3 लाख रुपये बताई गई है।






