
इंदौर।
कांग्रेस सांसद कांतिलाल भूरिया आए दिन अपनी फिसलती जुबान को लेकर चर्चाओं में रहते हैं। ऐसे में एक बार फिर कांग्रेस सांसद कांतिलाल भूरिया की जुबान फिसली है।मौका होली मिलन समारोह का था, जहां उन्होंने बाइक पर बोलते हुए कहा कि अगर केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनी तो हम गरीबों को 72 हजार रुपए महीना देंगे। भूरिया का अब ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि यह पहला मौका नही है इसके पहले भी भूरिया के कई वीडियो वायरल हो चुके है।
दरअसल, इन दिनों सोशल मीडिया पर झाबुआ-रतलाम संसदीय सीट से कांग्रेस के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें भूरिया कहते नजर आ रहे है कि अगर केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनी तो हम गरीबों को 72 हजार रुपए महीना देंगे। वे दो बार यह बोल जाते हैं फिर वहां मौजूद लोग उनकी बात को सही करते हुए कह रहे हैं, 72 हजार रुपए साल। इसके बाद भूरिया कहते हैं कि 12 हजार रुपए महीना, इस पर फिर उनके साथी उनकी बात को सही करते हुए कहते हैं 6 हजार रुपए महीना। वीडियो होली मिलन समारोह का बताया जा रहा है, क्योंकि पीछे इसका बैनर भी लगा हुआ है।
बता दे कि यह पहला मौका नही है इसके पहले भी भूरिया की जुबान कई मौको पर फिसल चुकी है और कई वीडियो वायरल हो चुके है। बीते दिनों ही एक विवाह समारोह के दौरान उन्होंने किसानों के दो-दो करोड़ कर्जमाफी बात कही थी। हालांकि बाद में कांग्रेसियों ने जब उन्हें भूल बताई तो उन्होंने गलती सुधारते हुए अपनी बात को सही करते हुए दो दो लाख देने को कहा था।इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था।

