
Rajasthan Weather : राजस्थान में 3-4 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। उत्तरी हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है , इसके प्रभाव से राज्य के पूर्वी व उत्तरी-पूर्वी भागों में आगामी 4-5 दिन मेघगर्जन के साथ कहीं कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। खास करके 3 अक्टूबर तक 7 संभागों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, लेकिन उदयपुर संभाग में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
आज इन जिलों में बारिश का अलर्ट
- बंगाल की खाड़ी में एक डिप्रेशन एक्टिव हुआ है जो ओडिशा, आंध्र प्रदेश होता हुआ महाराष्ट्र की ओर आगे बढ रहा है और गुजरात होते हुए अरब सागर की ओर जाएगा, जिसके असर से 2-4 अक्टूबर तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
- जयपुर, दौसा, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाईमाधोपुर, बाडमेर, जालौर जिलों और आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं पर मेघगर्जन के माथ हल्की वर्षा / आकाशीय बिजली और कहीं-कहीं पर तेज हवा (20-25 kmph) चलने की संभावना है।
- उदयपुर, चित्तौड़गढ़, टोंक, बूंदी, बारां, कोटा, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, पाली, राजसमंद, भीलवाड़ा और जालोर में येलो अलर्ट ।
3-4 अक्टूबर तक जारी रहेगा राजस्थान में वर्षा का दौर
जयपुर मौसम केन्द्र के मुताबिक, पश्चिम विदर्भ पर बने अवदाब के 2-3 दिनों में पश्चिम की ओर आगे बढ़ने, दक्षिण गुजरात एवं सौराष्ट्र के ऊपर से गुजरते हुए 1 अक्टूबर तक गुजरात तट से सटे उ-पू अरब सागर पर निम्न दाब क्षेत्र के रूप में उभरने की संभावना है। उपरोक्त के प्रभाव से राज्य के पूर्वी व दक्षिणी भागों में आगामी 4-5 दिन मेघगर्जन के साथ बारिश होने व दक्षिणी भागों में कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।खास करके 3 अक्टूबर तक कोटा, उदयपुर, भरतपुर, जयपुर, अजमेर व जोधपुर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ बारिश की गतिविधियां दर्ज होने की संभावना है। इस दौरान उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे में कहां कैसा रहा मौसम
- चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा में सर्वाधिक 18 एमएम बारिश हुई।
- बांसवाड़ा के सलोपत में 8 एमएम, जालोर के भीनमाल में 7 एमएम, बांसवाड़ा शहर में 6 एमएम,
- प्रतापगढ़ के अरनोद में 6 एमएम, बांसवाड़ा के गढी में 5 एमएम ।
- बड़ी सादड़ी, सिरोही, ऋषभदेव और झालावाड़ में 4-4 एमएम बारिश ।
- रविवार को जैसलमेर और बाड़मेर में सर्वाधिक तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
— मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर (@IMDJaipur) September 29, 2025
12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

