राजगढ़ में कांग्रेस नेता को मंत्री के सामने जड़ा थप्पड़, मंच पर जमकर हुआ हंगामा, कांग्रेस ने थाने का किया घेराव

नरसिंहगढ़ के सरकारी कार्यक्रम के दौरान मंच पर विवाद के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सोंधिया के साथ धक्का-मुक्की और थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। दरअसल घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया है।
राजगढ़ में कांग्रेस नेता को मंत्री के सामने जड़ा थप्पड़, मंच पर जमकर हुआ हंगामा, कांग्रेस ने थाने का किया घेराव

राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ में आयोजित एक सरकारी लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया, जब मंच पर कांग्रेस और भाजपा से जुड़े लोगों के बीच विवाद हो गया। दरअसल कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री चैतन्य काश्यप सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। विवाद बढ़ने पर जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सोंधिया को पुलिस मंच से नीचे लेकर गई, लेकिन कार्यक्रम स्थल से बाहर ले जाते समय भीड़ में मौजूद एक बुजुर्ग ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला प्रदेशभर में चर्चा का विषय बन गया है।

दरअसल यह घटनाक्रम नरसिंहगढ़ के बस स्टैंड स्थित सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान हुआ। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री चैतन्य काश्यप, स्थानीय विधायक मोहन शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

वहीं कांग्रेस नेताओं के अनुसार जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सोंधिया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पर्वत यादव और अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में पहुंचे थे। उनका आरोप है कि शुरुआत में उन्हें कार्यक्रम स्थल में प्रवेश नहीं दिया गया, हालांकि बाद में प्रशासन की अनुमति मिलने पर उन्हें अंदर जाने दिया गया।

जानिए क्या है पूरा मामला?

बताया जा रहा है कि कुछ समय बाद प्रभारी मंत्री और कलेक्टर ने चंदर सिंह सोंधिया को मंच पर बुलाया। इसी दौरान मंच पर मौजूद भाजपा विधायक मोहन शर्मा के बेटे और कांग्रेस नेता के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक होने लगी और माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग कराया।

मंच से नीचे लाने के दौरान थप्पड़, VIDEO सोशल मीडिया पर वायरल

वहीं विवाद बढ़ने के बाद पुलिस ने एहतियात के तौर पर चंदर सिंह सोंधिया को मंच से नीचे उतारा और सुरक्षा घेरे में कार्यक्रम स्थल से बाहर ले जाने लगी। इसी दौरान भीड़ में मौजूद एक बुजुर्ग व्यक्ति उनके करीब पहुंचा और उनके गाल पर थप्पड़ मार दिया। दरअसल घटना इतनी तेजी से हुई कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत सक्रिय हुए और कांग्रेस नेता को सुरक्षा के बीच वहां से निकालकर नरसिंहगढ़ थाने ले गए। इस पूरी घटना का वीडियो किसी मौजूद व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर लिया, जो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया और मामले ने प्रदेशभर का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

हालांकि, वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस पूरे घटनाक्रम की पुष्टि और जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो सहित सभी उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है और जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

कांग्रेस ने लगाया दुर्व्यवहार का आरोप, थाने के बाहर किया प्रदर्शन

इधर घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में नरसिंहगढ़ थाने पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि उनके वरिष्ठ नेता के साथ सार्वजनिक रूप से दुर्व्यवहार किया गया है। दरअसल कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यदि कार्यक्रम में सभी जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था, तो उनके नेताओं के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं होना चाहिए था। उन्होंने थप्पड़ मारने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews