पीएम मोदी पर जमकर बरसे कमलनाथ, बोले अब हम चोरों से लडे़ंगे

Kamalnath-attack-on-pm-modi-in-rajgarh

राजगढ़। मनीष सोनी। 

मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा है पिछले 65 दिनों में सरकार ने हर पल जनता के हित में काम किया है। उन्होंने कहा कि यह सरकार सिर्फ काम करने वाली सरकार है। आने वाले साल किसानों, नौजवानों, महिलाओं सहित हर वर्ग के लिये खुशहाली के होंगे । नाथ रविवार को राजगढ़ में सिंचाई और पेयजल योजनाओं का शिलान्यास एवं 132/33 किलोवाट क्षमता के विद्युत उप केन्द्र के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजगढ़ जिले के 1580 गांव के लोगों को सिंचाई और बिजली की सुविधा का लाभ मिलेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने किसानों का दुख नहीं देखा, मोदी जी की आंख नहीं चलती, कान नहीं चलती, मुंह बहुत चलता है। 

उन्होंने कहा कि ये बात करते है राष्ट्रवाद की, मैं तो मोदी जी से कहता हूं शिवराज सिंह जी से कहता हूं भारतीय जनता पार्टी के नेताओं से कहता हूं, आपके पार्टी में क्या एक भी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी है। उसका नाम तो बताइए और राष्ट्रवाद का पाठ कांग्रेस को पढ़ाने आए है। कांग्रेस को पढ़ाएंगे कांग्रेस के पूज्य नेताओं ने देश की आजादी में भाग लिया है। यह कांग्रेस की देन है कांग्रेस तो लड़ी थी गोरों से अब हम लड़ेंगे चोरों से।

मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा कि 65 दिन में सरकार ने वचन-पत्र में किये गए वादों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। किसानों का कर्ज माफ किया गया है। बिजली का बिल आधा किया गया है। अगले चार दिनों में 25 लाख किसानों का ऋण माफ कर दिया जायेगा। शेष किसानों के फसल ऋण माफ करने की प्रक्रिया जारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पढ़े-लिखे नौजवानों को रोजगार के अवसर मिल सकें, इसके लिये सरकार विशेष रूप से चिंतित है। नौजवानों को रोजगार के अवसर मुहैय्या कराने के लिये स्किल डेवलपमेंट का काम शुरू किया गया है। प्रदेश में औद्यौगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिये निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। इससे रोजगार के नये अवसर पैदा होंगे। जनता के विश्वास पर खरा उतरने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। कमलनाथ ने किसानों को कर्ज माफी के प्रमाण-पत्र वितरित किए। राजगढ़ जिले के किसानों के 144 करोड़ रुपए के कर्ज माफ किए गए। कार्यक्रम को जिले के प्रभारी मंत्री और नगरीय विकास एवं आवास मंत्री जयवर्द्धन सिंह, ऊर्जा मंत्री प्रियव्रत सिंह तथा कृषि मंत्री सचिन यादव ने भी सम्बोधित किया।

Mp Breaking News
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews