पारदी गिरोह पकड़ाया, एक ईनामी बदमाश भी गिरफ्तार,चोरी बलवा सहित कई गंभीर आरोप

पारदी गिरोह पकड़ाया, एक ईनामी बदमाश भी गिरफ्तार,चोरी बलवा सहित कई गंभीर आरोप

रतलाम/सुशील खरे

गुना जिले का पारदी गिरोह सेजावता-बांगरोद रोड पर रविवार रात टैंकर लूटने की योजना बना रहा था। पुलिस ने रात 2 बजे घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। अंधेरे का लाभ उठाकर चार आरोपी भाग निकले। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ रतलाम, उज्जैन और गुना में गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। गिरफ़्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय से 24 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर सौंपने के आदेश दिया गया है। इन सभी को पकड़ने में रतलाम जिले की नामली थाना पुलिस को सफलता मिली।

नामली थाना प्रभारी शिवमंगल सिंह सेंगर ने बताया आरोपी गुना जिले के प्रमोद पिता पर्वतसिंह सोलंकी (21) और जीते उर्फ जितेंद्र पिता आकाश पारदी (19) दोनों निवासी बिलाखेड़ी तथा गोविंदा उर्फ गोविंद पिता बिसन पारदी (35) निवासी कनेरा को गिरफ्तार किया है। उनसे एक पिस्टल, दो कारतूस, दो धारिये, चोरी की एक बाइक, टायर पंक्चर करने और ताला-नकूचा तोड़ने के उपकरण जब्त किए। प्रमोद की गिरफ्तारी पर गुना जिले में 23 हजार रुपए का ईनाम घोषित है। प्रमोद के खिलाफ गुना, उज्जैन और रतलाम में हत्या का प्रयास, चोरी, बलवा, छेड़छाड़, शासकीय कार्य में बाधा तथा संपत्ति संबंधित मामलों के 10 प्रकरण, गोविंदा के खिलाफ 5 और जितेंद्र के खिलाफ उज्जैन और रतलाम में दो प्रकरण दर्ज हैं।

थाना प्रभारी ने बताया पारदियों की बिलपांक और नामली के गांवों में रिश्तेदारी है। गुना से रतलाम आकर आरोपी वारदात करते हैं और वापस भाग निकलते हैं। फरार आरोपियों की तलाश के लिए गुना में संबंधित थाना प्रभारियों को सूचना दी है तथा रतलाम में रिश्तेदारों के घरों की निगरानी की जा रही है।

नामली थाना प्रभारी शिवमंगलसिंह सेंगर ने बताया रात को सेजावता-बांगरोद रोड पर डकैतों की सूचना मिलने पर नामली थाने से एएसआई शिवनाथसिंह राठौर, विनोद कटारा सहित थाने में उपस्थित पूरा स्टाफ लेकर उन्होंने सेजावता तरफ से तथा उधर बांगरोद चौकी प्रभारी प्रहलादसिंह डिंडोर ने चौकी का स्टाफ लेकर बांगरोद तरफ से घेरा। तीन आरोपी प्रमोद, गोविंदा और जितेंद्र को मौके से पकड़ा। शेष चार आरोपी चांद पिता आकाश पारदी (26), अजमल पिता बब्बन उर्फ कदमसिंह (30) दोनों निवासी बिलाखेड़ी, काबूल पिता कमलसिंह (25) नि. खेजराचक तथा धीरज पिता मदन पारदी (43) निवासी सिमलावदा हाल मुकाम अर्जुन नगर रतलाम बाइक से खेतों के रास्ते होते हुए फोरलेन की तरफ भाग निकले। मौके से एक बाइक जब्त हुई है।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews