MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

रतलाम के लॉ कॉलेज में गरबा कार्यक्रम पर विवाद, छात्रों ने कलेक्टर-SP से की कार्रवाई की मांग, बोले – ‘कॉलेज में बाहरी लोगों की एंट्री रोकी जाए’

रतलाम के आनंद कॉलोनी स्थित शासकीय डॉ. कैलाशनाथ काटजू लॉ कॉलेज के छात्र मंगलवार को संगठित होकर पहले कलेक्ट्रेट पहुंचे और फिर एसपी कार्यालय जाकर ज्ञापन सौंपा। वहीं छात्रों के साथ कॉलेज का स्टाफ भी मौजूद रहा। जानिए क्या है पूरा मामला?
रतलाम के लॉ कॉलेज में गरबा कार्यक्रम पर विवाद, छात्रों ने कलेक्टर-SP से की कार्रवाई की मांग, बोले – ‘कॉलेज में बाहरी लोगों की एंट्री रोकी जाए’

रतलाम के शासकीय डॉ. कैलाशनाथ काटजू लॉ कॉलेज में गरबा कार्यक्रम रुकवाने के विवाद ने अब नया मोड़ ले लिया है। दरअसल मंगलवार को बड़ी संख्या में छात्र कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय पहुंचे और कॉलेज में बिना अनुमति घुसने वाले लोगों पर कार्रवाई की मांग की। वहीं छात्रों का कहना है कि गणेशोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान लगाए गए आरोप गलत थे और भविष्य में कॉलेज परिसर में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई जानी चाहिए।

दरअसल कलेक्ट्रेट में पांच पेज का ज्ञापन तहसीलदार आशीष उपाध्याय को सौंपा गया जबकि एसपी कार्यालय में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी गई।

जानिए क्या है पूरा मामला?

वहीं छात्रों का कहना है कि कॉलेज परिसर में कुछ बाहरी लोग बिना अनुमति पहुंचे सांस्कृतिक कार्यक्रम में हस्तक्षेप किया और विद्यार्थियों व प्राचार्य के साथ अभद्र व्यवहार किया। एएसपी विवेक कुमार ने छात्रों से कहा कि वे संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं ताकि कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जा सके। बता दें कि कॉलेज में गणेशोत्सव के तहत दस दिवसीय आयोजन चल रहा है जिसमें रोज अलग-अलग सांस्कृतिक कार्यक्रम रखे गए हैं। सोमवार दोपहर आरती के बाद छात्राओं ने समूह में गरबा किया। इसी दौरान हिंदू संगठनों से जुड़े कुछ लोग कॉलेज पहुंचे और कपल गरबा होने का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया।

छात्रों ने बाहरी लोगों पर लगाया आरोप

वहीं हंगामे की सूचना मिलने पर स्टेशन रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कॉलेज प्राचार्य ने विरोध करने वालों को समझाने की कोशिश करते हुए कहा कि कार्यक्रम कॉलेज के सांस्कृतिक आयोजन का हिस्सा है और यहां कपल गरबा नहीं हो रहा है। छात्रों का कहना है कि इसके बावजूद विरोध जारी रहा और कार्यक्रम बीच में ही रुक गया। एलएलबी अंतिम वर्ष के छात्र प्रियांशु चत्तर ने कहा कि कॉलेज में सभी छात्र भाईचारे के माहौल में समूह में गरबा कर रहे थे लेकिन बाहरी लोगों ने बिना तथ्य के आरोप लगाकर कार्यक्रम रुकवा दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान प्राचार्य के साथ भी अनुचित व्यवहार किया गया।

छात्रों ने रखीं छह बड़ी मांगें

दरअसल छात्रों ने अपने ज्ञापन में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की मांग की है। ज्ञापन में कुछ लोगों के नाम भी शामिल किए गए हैं जिनकी भूमिका की जांच की मांग की गई है। छात्रों का कहना है कि अगर आरोप झूठे और भ्रामक साबित होते हैं तो संबंधित लोगों पर कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। छात्रों की प्रमुख मांगों में कॉलेज परिसर में बाहरी लोगों के प्रवेश पर सख्त रोक लगाना, प्राचार्य और विद्यार्थियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार की जांच, भविष्य में कॉलेज कार्यक्रमों को लेकर दी गई कथित धमकियों की जांच और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शामिल है। इसके अलावा उन्होंने संबंधित लोगों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की भी मांग की है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews
रतलाम के लॉ कॉलेज में गरबा कार्यक्रम पर विवाद, छात्रों ने कलेक्टर-SP से की कार्रवाई की मांग, बोले - 'कॉलेज में बाहरी लोगों की एंट्री रोकी जाए'