Kedarnath Kapat Open: 25 अप्रैल को खुलेंगे केदारनाथ के कपाट, आज महाशिवरात्रि पर तय हुआ शुभ मुहूर्त

Kedarnath Kapat Open: 25 अप्रैल को खुलेंगे केदारनाथ के कपाट, आज महाशिवरात्रि पर तय हुआ शुभ मुहूर्त

 Kedarnath Dham Kapat will open on 25 April 2023 : भगवान शिव के द्वादश ज्योतिर्लिंग में से ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तारीख आज घोषित कर दी गई है। आज महाशिवरात्रि पर्व पर ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ आचार्यों और वेदपाठी विद्वानों की उपस्थिति में तिथि तय की गई। निश्चित किया गया कि 25 अप्रैल 2023 को सुबह 6 बजकर 20 मिनट पर मेष लग्न में मंदिर के कपाट खोले जायेंगे।

25 अप्रैल को खोले जायेंगे केदारनाथ धाम के कपाट 

आज महाशिवरात्रि पर केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि तय हुई। 25 अप्रैल को प्रातः 6 बजकर 20 मिनट पर बाबा केदारनाथ के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल (Kedarnath Kapat Will Open on 25 April 2023) दिए जाएंगे। तारीख और शुभ मुहूर्त तय करने से पहले ओंकारेश्वर मंदिर में सुबह चार बजे से महाभिषेक पूजा शुरू हुई। सुबह 8:30 बजे भगवान केदारनाथ की आरती की गई और भोग लगाया गया। इसके बाद सुबह नौ बजे से पंचकेदार गद्दीस्थल में मंदिर समिति के आचार्यों की पंचांग गणना के लिए बैठे। 9:30 बजे पंचांग गणना के आधार पर केदारनाथ के कपाट खुलने का दिन तय कर उसे घोषित किया गया।

ओंकारेश्वर मंदिर में दिनभर होंगे भजन कीर्तन, विशेष पूजाएँ 

मंदिर के पुजारी शिव शंकर लिंग, बागेश लिंग, गंगाधर लिंग और शिव लिंग द्वारा गर्भगृह में धार्मिक परंपराओं के तहत सभी पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर केदारनाथ के रावल भीमाशंकर के प्रतिनिधि के तौर पर केदार लिंग मौजूद रहे। दिनभर ओंकारेश्वर मंदिर परिसर में विद्यापीठ के छात्र-छात्राओं व मंदिर समिति के कर्मियों व महिला मंगल दलों द्वारा भजन-कीर्तन होंगे। रात्रि आठ बजे मंदिर में चार पहर की विशेष पूजाएं शुरू होंगी।

20 अप्रैल को भैरवनाथ पूजा 

20 अप्रैल को भैरवनाथ की पूजा अर्चना होगी इसके बाद यात्रा 21 अप्रैल को ओंकारेश्वर मंदिर से प्रस्थान करेगी और गुप्तकाशी में रात्रि विश्राम करेगी। 22 को फाटा 23 को गौरीकुंड और फिर केदारनाथ धाम पहुंचेगी फिर 25 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खुलेंगे।

27 अप्रैल को खुलेंगे बदरीनाथ धाम के कपाट  

उल्लेखनीय है कि विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के कपाट 27 अप्रैल  2023 को सुबह 7 बजकर 10 मिनट पर खुलेंगे। 26 जनवरी बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर टिहरी में नरेंद्रनगर के राजमहल में बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि तय की गई थी । समारोह में पंचांग गणना के बाद विधि विधान के साथ कपाट खुलने की तिथि तय की गई। इस अवसर पर बदरी केदार मंदिर समिति के पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित थे। निश्चित किया गया कि गाडू घड़ा की तेल कलश यात्रा 12 अप्रैल को निकाली जाएगी। बता दें कि बदरीनाथ धाम के कपाट खोलने की तिथि बसंत पंचमी को तय की जाती है और केदारनाथ धाम के कपाट खोने की तिथि महाशिवरात्रि पर तय की जाती है। इस साल गंगोत्री और यमुनोत्री के कपार 22 अप्रैल को खुलेंगे।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews