Hindi News

रीवा से दिल्ली के लिये 72 सीटर विमान भरेगा उड़ान, केंद्रीय मंत्री नायडू, सीएम डॉ मोहन यादव 10 नवंबर को करेंगे रवाना

Written by:Atul Saxena
Published:
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने बताया कि एटीआर-72 विमान के संचालन से विन्ध्य क्षेत्र के साथ ही जिले से लगे उत्तर प्रदेश के लोगों को भी इससे लाभ मिलेगा।
रीवा से दिल्ली के लिये 72 सीटर विमान भरेगा उड़ान, केंद्रीय मंत्री नायडू, सीएम डॉ मोहन यादव 10 नवंबर को करेंगे रवाना

मध्य प्रदेश के विन्ध्य क्षेत्र के निवासियों के लिये इंतजार की घड़ी समाप्त हो रही है। रीवा, विन्ध्य एवं आसपास के क्षेत्र के लोगों को वायु सेवा का नियमित लाभ जल्दी मिलना शुरू होने वाला है। रीवा से दिल्ली के लिये 72 सीटर विमान 10 नवंबर को रीवा एयरपोर्ट से रवाना होगा। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू एलायंस एयर के एटीआर 72 को दोपहर 12 बजे दिल्ली के लिये रवाना करेंगे।

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने 10 नवम्बर को रीवा एयरपोर्ट पर आयोजित होने वाले शुभारंभ कार्यक्रम की तैयारियों की आज समीक्षा कर वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। एयरपोर्ट रीवा में मंच व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया।

विन्ध्य क्षेत्र के साथ यूपी के लोगों को भी लाभ 

उन्होंने कहा कि विन्ध्य क्षेत्र में हवाई सुविधाओं में वृद्धि हुई है साथ ही आर्थिक सुदृढ़ता आई है। यह एयरपोर्ट केवल आधारभूत संरचना नहीं बल्कि विन्ध्य क्षेत्र के विकास को दिशा देने वाला माध्यम है। इससे क्षेत्र की आर्थिक, पर्यटन और औद्योगिक प्रगति का नया अध्याय लिखा जा रहा है। उन्होंने बताया एटीआर-72 विमान के संचालन से विन्ध्य क्षेत्र के साथ ही जिले से लगे उत्तर प्रदेश के लोगों को भी इससे लाभ मिलेगा। राजेन्द्र शुक्ल ने बताया कि शीघ्र ही रीवा से इंदौर के लिये भी वायु सेवा शुरू होगी जिससे कनेक्टिंग तौर पर यात्रियों को इंदौर से देश के अन्य शहरों के लिये भी वायुयान उपलब्ध रहेंगे।

सप्ताह में तीन दिन उड़ान भरेगा विमान 

इस अवसर पर  मौजूद एलायंस एयर के प्रतिनिधि मुकेश जायसवाल व यशवर्धन सिंह ने बताया कि 10 नवंबर को वायुयान 12:10 बजे रीवा से दिल्ली रवाना होगा। इसके बाद 11 नवंबर से सप्ताह में तीन दिन विमान का नियमित रूप से संचालन होगा।  समीक्षा बैठक में आयुक्त रीवा संभाग बी.एस. जामोद, आईजी गौरव राजपूत, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, अध्यक्ष नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय सहित प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Atul Saxena
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena
Follow Us :GoogleNews