रीवा में पति को गैस सिलेंडर में भरने की वायरल खबर निकली फर्जी, पुलिस ने बताया पूरा सच

रीवा में गैस सिलेंडर के अंदर पति की लाश छिपाने का दावा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, लेकिन पुलिस जांच में यह खबर पूरी तरह झूठी निकली।
रीवा में पति को गैस सिलेंडर में भरने की वायरल खबर निकली फर्जी, पुलिस ने बताया पूरा सच

रीवा में सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक सनसनीखेज खबर ने लोगों को हैरान कर दिया। दावा किया गया कि एक महिला ने अपने पति की हत्या कर शव को गैस सिलेंडर के अंदर छिपा दिया।

देखते ही देखते यह पोस्ट हजारों लोगों तक पहुंच गई। लेकिन जब पुलिस ने पूरे मामले की जांच की तो सामने आया कि यह दावा पूरी तरह गलत और भ्रामक है। पुलिस का कहना है कि जिले में इस तरह की कोई घटना नहीं हुई है।

पुलिस जांच में क्या निकला?

वायरल पोस्ट में दावा किया गया था कि रीवा में एक महिला ने अपने पति की हत्या करने के बाद उसकी लाश गैस सिलेंडर के अंदर छिपा दी। इस खबर को कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया गया, जिससे लोगों के बीच भ्रम और डर का माहौल बन गया। मामले ने तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने इसकी पड़ताल शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने जिले के सभी संबंधित थानों से जानकारी जुटाई, लेकिन कहीं भी ऐसी घटना दर्ज नहीं मिली। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजीव पाठक ने कहा कि वायरल दावे में कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाली हर खबर को सच न मानें। किसी भी सनसनीखेज दावे पर भरोसा करने से पहले उसकी पुष्टि जरूर करें।

फर्जी खबर फैलाने वालों पर भी होगी कार्रवाई

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह अफवाह सबसे पहले किसने फैलाई और इसके पीछे क्या मकसद था। साइबर टीम वायरल पोस्ट और उससे जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच कर रही है। यदि जांच में यह साबित होता है कि किसी ने जानबूझकर झूठी जानकारी फैलाकर लोगों को गुमराह किया है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी वायरल वीडियो, फोटो या मैसेज को बिना जांचे-परखे आगे शेयर न करें। कई बार पुरानी घटनाओं, एडिट किए गए वीडियो या पूरी तरह मनगढ़ंत कहानियों को नए दावे के साथ वायरल कर दिया जाता है, जिससे अफवाह तेजी से फैलती है।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews