लोकायुक्त का एक्शन, सागर में पटवारी 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते धराया, जमीन नामांतरण के लिए मांगे थे पैसे

सागर में लोकायुक्त टीम ने पटवारी को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। पटवारी ने कृषि भूमि का नामांतरण करने के एवज में पैसे की मांग की थी।
bribe

मध्य प्रदेश के सागर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। यहां जैसीनगर तहसील के एक पटवारी को जमीन के नामांतरण (म्यूटेशन) के बदले रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, सागर लोकायुक्त पुलिस की टीम ने जैसीनगर तहसील के बम्होरी घाट (हल्का क्रमांक-34) में पदस्थ पटवारी मानवेंद्र सिंह ठाकुर को 10,000 रुपये की घूस लेते हुए रंगे हाथों दबोचा है। यह पूरी कार्रवाई शुक्रवार (12 जून 2026) को सागर के तिली तिराहे के पास अंजाम दी गई।

शिकायतकर्ता भगवान दास सोलंकी (निवासी जैसीनगर) ने लोकायुक्त कार्यालय में इस बात की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने लोकायुक्त को बताया था कि उनकी पुत्रवधू ने ग्राम कंकर कुइया में करीब 1.4 हेक्टेयर (साढ़े 3 एकड़) कृषि भूमि खरीदी थी। पटवारी ने जमीन का नामांतरण कराने के लिए बदले में 10,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी और पैसे न देने पर काम रोकने की बात कही थी।

​शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने 8 जून 2026 को मामले का सत्यापन (वेरिफिकेशन) कराया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की बात सही पाई गई। इसके बाद योजना के मुताबिक शुक्रवार को फरियादी ने पटवारी को रिश्वत की राशि देने के लिए तिली तिराहे के पास बुलाया, जैसे ही पटवारी ने पैसे लेने के लिए हाथ बढ़ाया  वैसे ही पहले से तैयार लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया और रिश्वत की राशि भी बरामद की।

​महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश और उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में लोकायुक्त निरीक्षक रंजीत सिंह की टीम ने इस कार्रवाई को पूरा किया। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी पटवारी मानवेंद्र सिंह ठाकुर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी जांच जारी है।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews