MP Board : शिक्षक ने कर दिया व्हाट्सएप ग्रुप पर पेपर वायरल, जिला शिक्षा अधिकारी ने किया निलंबित, क्या परीक्षा निरस्त होगी अभी फैसला नहीं

इस मामले में राज्य शिक्षा केंद्र का कहना गई कि कुछ जिलों से आठवीं के गणित का प्रश्नपत्र के वायरल होने की बात सामने आई है। इसकी जांच कराइ जाएगी उसके बाद जो कुछ सामने आएगा उसके हिसाब से तय किया जायेगा कि परीक्षा निरस्त होगी या नहीं।
MP Board

MP Board : माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल की कक्षा 5वीं और कक्षा 8वीं की परीक्षाएं कल मंगलवार से शुरू हुई, लेकिन पहले ही दिन पेपर होने से इसकी गोपनीयता भंग हो गई, मामला सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने एक प्राथमिक शिक्षक को निलंबित कर दिया, आदेश में कहा है कि इसी शिक्षक ने पेपर को लीक किया और उसे व्हाट्सएप ग्रुपों में वायरल किया।

एमपी बोर्ड की 5वीं और 8वीं की परीक्षा का पहला पेपर गणित का था, जो मंगलवार को हुआ, लेकिन कुछ जिलों में परीक्षा केंद्रों पर पेपर लीक होने की खबर सामने आई इसमें सागर, डिंडोरी, ग्वालियर और भोपाल शामिल हैं, लीक होने की सूचना के बाद प्रश्नपत्र वितरण प्रक्रिया को रोका गया और बाद में 15 मिनट की देरी से पेपर वितरित कर परीक्षा शुरू कराई गई।

प्राइमरी टीचर ने लीक किया पेपर  

उधर सागर जिले में व्हाट्सएप ग्रुपों में वायरल हुआ पेपर वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा तो उन्होंने इसकी जाँच कराई और जाँच की सुई एक प्राथमिक शिक्षक पर जाकर रुक गई, शुरूआती जाँच में सामने आया कि इसी प्राथमिक शिक्षक ने परीक्षा की गोपनीयता भंग करते हुए पेपर को लीक कर वायरल किया है।

प्राथमिक शिक्षक तत्काल प्रभाव से निलंबित  

अपने आदेश में DEO ने लिखा –  जिला परियोजना समन्वयक, जिला शिक्षा केन्द्र सागर ने एक प्रतिवेदित किया है कि शासकीय प्राथमिक शाला बेरसला, विकास खण्ड सागर में पदस्थ पुरुषोत्तम पटेल प्राथमिक शिक्षक द्वारा 25 फरवरी को दोपहर में वार्षिक परीक्षा 2024-25 कक्षा 5 एवं 8वीं के प्रश्नपत्रों को व्हाट्सएप ग्रुप पर वायरल करते हुए परीक्षा की गोपनीयताभंग की गई। ये एक अपराध है इसलिए प्राथमिक शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उन्हें कार्यालय विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी राहतगढ पदस्थ किया जाता है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews