
Sehore News : सीहोर जिले में समूह लोन के नाम पर शहर की महिलाओं से ठगी का मामला सामने आया है, जहां भोपाल के एक व्यक्ति राजकुमार द्वारा माइक्रोफाइनेंस समूह लोन दिलाने की बात कहकर महिलाओं से खाते में राशि डलवा ली गई और फिर वह युवक फरार हो गया। जिसके बाद उसका मोबाईल फोन भी बंद आ रहा है। वहीं, महिलाओं ने युवक के खिलाफ थाना कोतवाली में शिकायती आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।

बकरीपुल कस्बा का मामला
शुक्रवार की दोपहर नगर के कस्बा क्षेत्र की करीब 15 महिलाएं थाना कोतवाली पहुंची। साथ ही, उन्होंने लिखित आवेदन देकर बताया कि
वह बकरीपुल कस्बा क्षेत्र की रहने वाली हैं, जहां भोपाल निवासी राजकुमार नामक एक व्यक्ति उनके क्षेत्र में पहले से आता रहा है। जिसने माइक्रोफाइनेंस महिला समूह लोन दिलाने के नाम पर उनसे पैसे खाते में जमा कराए। वहीं, फरार व्यक्ति द्वारा बताया गया था कि वह प्रत्येक महिला को 60 हजार रूपए का समूह लोन दिलवाएगा क्योंकि यूनियन बैंक के साथ उनकी कंपनी का टायअप है लेकिन पहले खाते में 3200 रूपए जमा करने होंगे। तब लोन मिलेगा। जिसके बाद 15 महिलाओं द्वारा एक निजी बैंक में 3200 रूपए के हिसाब कुल 48 हजार रूपए उस व्यक्ति के खाते में जमा किए गए।

पुलिस की जांच जारी
जिसके बाद उसने हम लोगों को बातों में उलझाकर पैसे लिया और सफेद कार स्वीफ्ट में बैठकर फरार हो गया। महिलाओं ने इस पूरे मामले में थाना कोतवाली में आवेदन देकर दर्ज रिपोर्ट करने और राशि वापस दिलाने की मांग की है। आवेदन देने वालों में कविता गौसर, पवित्रा बोयत, प्रिया महेश्वरी, कविता चावरिया, रजनी चावरिया, सुशीला, वर्षा राठौर सहित एक दर्जन से अधिक महिलाएं शामिल हैं। वहीं, इस संबंध में थाना कोतवाली टीआई नलीन बुधोलिया ने बताया कि कुछ महिलाएं समूह के नाम पर ठगी संबंधी शिकायत करके गई है, जिसकी जांच कराई जा रही है।
[dgv_vimeo_video id=”845252117″]
सीहोर से अनुराग शर्मा की रिपोर्ट
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

