सर्विस रोड की मांग पर फूटा लोगों का गुस्सा, सड़क जाम के बाद अधिकारियों की सद्बुद्धि के लिए किया हवन

सीहोर के हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में रेलवे ओवरब्रिज के पास सर्विस रोड नहीं बनने और बारिश में कीचड़-जलभराव से परेशान लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया।
सर्विस रोड की मांग पर फूटा लोगों का गुस्सा, सड़क जाम के बाद अधिकारियों की सद्बुद्धि के लिए किया हवन

मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में रेलवे ओवरब्रिज के पास रहने वाले लोगों का गुस्सा रविवार को खुलकर सामने आया। हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में सर्विस रोड नहीं बनने और बारिश के बाद फैली कीचड़ व जलभराव से परेशान रहवासियों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

लोगों का कहना है कि ओवरब्रिज का निर्माण तो पूरा हो गया, लेकिन आम लोगों की सुविधा के लिए जरूरी सर्विस रोड अब तक नहीं बनाई गई, जिससे रोजाना आवाजाही मुश्किल हो गई है।

सड़क जाम के बाद अधिकारियों के लिए किया हवन

पुलिस द्वारा सड़क खाली कराने के बाद भी प्रदर्शनकारी पीछे नहीं हटे। उन्होंने सड़क किनारे बैठकर ब्रिज कॉरपोरेशन के अधिकारियों की “सद्बुद्धि” के लिए हवन किया। यह अनोखा विरोध प्रदर्शन इलाके में चर्चा का विषय बन गया। लोगों का कहना था कि कई महीनों से सर्विस रोड बनाने की मांग की जा रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा।

रहवासियों के मुताबिक बारिश के दौरान ओवरब्रिज के दोनों ओर कीचड़ और पानी भर जाता है। इससे दोपहिया वाहन चालकों को फिसलने का खतरा बना रहता है, जबकि बुजुर्ग, महिलाएं और स्कूली बच्चों को भी आने-जाने में भारी दिक्कत होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सर्विस रोड नहीं होने से कई कॉलोनियों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। उनका आरोप है कि अधूरे इंफ्रास्ट्रक्चर की वजह से लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है।

तहसीलदार के आश्वासन के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन

विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलने पर तहसीलदार अमित सिंह मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और बताया कि ब्रिज कॉरपोरेशन के अधिकारियों से चर्चा हो चुकी है। प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि दो दिन के भीतर सर्विस रोड का काम शुरू करा दिया जाएगा। इसके बाद लोगों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

इस दौरान स्थानीय विधायक सुदेश राय भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ब्रिज कॉरपोरेशन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों से जल्द काम शुरू कराने की बात कही। मौके का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें विधायक थाना प्रभारी से ब्रिज निर्माण कार्य रोकने और संबंधित वाहनों की चाबियां जब्त करने की बात कहते दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि सबसे पहले सर्विस रोड का निर्माण पूरा होना चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews