Sehore News : सीहोर जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। जब एक अज्ञात कार ने एक्टिवा को टक्कर मार दी, जिसमें सवार छात्रा गंभीर रुप से घायल हुई है। जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में स्थानीय लोगों द्वारा युवती को अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे घर भेज दिया गया है। वहीं, हादसे के बाद मौका पाते ही चालक वहां से फरार हो गया है।
इंग्लिश पूरा क्षेत्र का मामला
दरअसल, मामला इंग्लिश पूरा क्षेत्र का है। जब 12वीं की एक छात्रा एक्टिवा से ट्यूशन पढ़ने जा रही थी। तभी इंग्लिश पूरा में नाले के पास अज्ञात कार चालक ने उसकी स्कूटी में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे छात्रा को गंभीर चोटे आई है। घायल छात्रा के मुताबिक, इस कार चालक ने कोतवाली चौराहे पर भी एक्टिवा के बहुत नजदीक से कार निकाली थी। ऐसा लग रहा था कि वह टक्कर मारने वाला है। छात्रा ने आगे बताया कि जिस कार ने उसे टक्कर मारी है वह काले रंग की है।
असमाजिक तत्वों के हौसले बुलंद
बता दें कि इंग्लिश पूरा में अधिकतर ट्यूशन संस्थान और विद्यालय हैं। यही कारण है कि यहां सुबह-शाम छात्रों का मेला लगा रहता है। इन सब के बीच कुछ शरारती तत्व वाहनों को तेज व लापरवाही गति से चलाते हुए नजर आते हैं लेकिन उन पर कभी भी कोई कार्रवाई नहीं होती।
आखिर कब ध्यान देगी पुलिस?
इंग्लिश पूरा क्षेत्र से लगातार ऐसी जानकारियां सामने आती रहती है, जब बाइक और कार पर सवार कुछ शरारती तत्व तेज और अजीब हॉर्न बजाकर वाहनों को काफी तेज गति से चलाते हैं। पुलिस तक बार-बार शिकायत पहुंच रही है लेकिन पुलिस इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त नहीं कर पा रही है। जिसके कारण यहां यातायात बे लगाम हो चुका है। वहीं, दूसरी ओर असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई न होने के कारण आपराधिक तत्व के हौसले भी बुलंद होते जा रहे हैं।
सीहोर से अनुराग शर्मा की रिपोर्ट
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

