लाड़ली बहना योजना को लेकर सीएम डॉ मोहन यादव ने किया बड़ा वादा, 3000 रुपये के लिए भी कही बड़ी बात

सीएम डॉ मोहन यदव ने कहा कहा कि हमने 1000/- रुपये महीना लाड़ली बहना को देना शुरू किये फिर हमारी सरकार ने इसे 1250/- रुपये कर दिया, हम इसे 3000/- रुपये महीना तक इसे लेकर जायेंगे ये हमारा संकल्प है।
CM Dr Mohan Yadav Vijaypur

CM Dr Mohan Yadav Vijaypur: मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले की विजयपुर विधानसभा सीट पर हो रहे उप चुनाव के लिए पार्टी प्रत्याशी राम निवास रावत ने आज अपना नामांकन फॉर्म दाखिल किया, इस मौके पर उनके साथ मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, विधानसभा स्पीकर नरेंद्र सिंह तोमर खास तौर पर मौजूद थे, इस दौरान मुख्यमंत्री ने राम निवास रावत के समर्थन में एक रोड शो भी किया।

उन्होंने कहा आज श्योपुर जिले के विजयपुर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी रामनिवास रावत के समर्थन में आयोजित रोड शो में सहभागिता कर जनता जनार्दन से भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में ऐतिहासिक मतदान करने का अनुरोध किया। रोड शो में मिला अभूतपूर्व प्रेम व अपनत्व जीवंत प्रमाण है कि इस उपचुनाव में विजयपुर की देवतुल्य जनता कमल का बटन दबाकर डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों पर मुहर लगाने जा रही है।

डॉ मोहन यादव ने कांग्रेस पर साधा निशाना 

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर एक सभा को भी संबोधित किया, सीएम डॉ मोहन यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि ये कांग्रेस के लोग लाड़ली बहना योजना के लिए खूब झूठ बोलते रहते हैं, चुनाव के पहले कहते थे कि यदि भाजपा चुनाव जीत गई तो योजना बंद कर देगी लेकिन क्या योजना बंद हुई उल्टा 250 रुपये और बढ़ा दिए।

मुख्यमंत्री ने दोहराया लाड़ली बहना को 3000/- रुपये तक देने का संकल्प   

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये भाजपा की सरकार है और हमारी सरकार जो कहती वो करती है आप यहाँ से राम निवास रावत को जिताइये यहाँ की जो भी बहने लाड़ली बहना के लाभ से छूट गई हैं उनका नाम भी लिस्ट में जोड़ा जायेगा, सीएम डॉ मोहन यादव ने कहा कहा कि हमने 1000/- रुपये महीना लाड़ली बहना को देना शुरू किये फिर हमारी सरकार ने इसे 1250/- रुपये कर दिया, हम इसे 3000/-रुपये महीना तक इसे लेकर जायेंगे ये हमारा संकल्प है,, आप हमपर भरोसा कीजिये और भाजपा को जिताइये।

वीडी शर्मा बोले ये चुनाव विजयपुर के विकास के लिए है

प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि ये चुनाव विजयपुर श्योपुर के विकास का चुनाव है, उन्होंने कहा कि इस कूनो की धरती को विश्व पटल पर लाने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है यहाँ विदेशी पर्यटक भी आएंगे जिससे यहाँ के युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे, उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आपके क्षेत्र के विकास के प्रतिबद्ध हैं।

मैंने कहा था पंजे को तोड़ दो और कमल को थाम लो : नरेंद्र सिंह तोमर

नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि राम निवास रावत हमेशा इस बात की चिंता करते थे कि विजयपुर का विकास कैसे हो? कैसे यहाँ की तस्वीर और तक़दीर बदले तो एक बार मैंने उनसे कहा था कि आप इसके लिए पंजे को तोड़ और कमल को थाम लो तो विजयपुर की तस्वीर भी बदलेगी और विजयपुर की तक़दीर भी बदलेगी इसलिए विजयपुर के लोगों के भले के लिए और क्षेत्र के विकास के लिए वे भाजपा में शामिल हुए।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews