सीएम शिवराज ने प्रधानमंत्री मोदी को बताया भगवान का वरदान, कहा ‘लोकसभा चुनाव में MP की सभी 29 सीटें जीतेंगे’

Shivraj singh chouhan

demo pic

Shivraj Singh Chouhan said PM Modi is a blessing from God : मिशन 23 के बाद अब शिवराज  सिंह चौहान ‘मिशन 29’ के लिए जुट गए हैं। ये है 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए मध्य प्रदेश की सभी 29 सीटें जीतना। गुरुवार को मुख्यमंत्री श्योपुर जिले में आयोजित लाड़ली बहना सम्मेलन में शामिल हुए। यहां उन्होने कहा कि हम भले ही विधानसभा चुनाव में यहां से सीटें हार गए हों, लेकिन लोकसभा चुनाव में यहां की दोनों सीटें जीतने का संकल्प लेना है। इस मौके पर उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के लिए एक वरदान हैं और उनके नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है।

सीएम शिवराज ने कहा कि हर गारंटी पूरी करेंगे

विधानसभा चुनाव में बंपर जीत के बाद अब बीजेपी लोकसभा चुनावों की तैयारियों में जुट गई है। उसका फोकस अब ऐसी सीटों पर है जहां वो विधानसभा चुनाव में जीत हासिल नहीं कर पाई है। इन स्थानों पर जहां जहां लोकसभा सीटें हैं, उन्हें लेकर उसकी तैयारियां शुरु हो चुकी है। गुरुवार को श्योपुर में आयोजित लाड़ली बहना सम्मेलन में पहुंचे शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हम भले ही यहां नहीं जीते, लेकिन पूरे प्रदेश में ऐसा बहुमत मिला है कि सब दंग रह गए हैं। ये प्रचंड विजय बहनों के आशीर्वाद से मिली है। उन्होने कहा कि ‘हमने जनता के विकास के लिए काम किया है और ये डबल इंजन की सरकार के काम की जीत है। और ये विजय लाड़ली बहनाओं के तुम्हारे भाई के प्रति प्यार और स्नेह की जीत है। आज आपका भाई आपको ये वचन देता है कि हमने जो भी वचन और गारंटी दिया है, वो सब पूरी करेंगे।’

पीएम मोदी बताया भगवान का वरदान

इस मौके पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वैभवशाली, गौरवशाली, संपन्न और समृद्ध भारत का निर्माण हो रहा है। नरेंद्र मोदी भारत को भगवान का वरदान है। हम उनके पीछे खड़े हैं। वे फिर से भारत के प्रधानमंत्री बनें, इसके लिए मध्य प्रदेश कोई कसर नहीं छोड़ेगा। इसलिए हम मध्य प्रदेश से हर सीट पीएम मोदी को समर्पित करेंगे। बता दें कि एक दिन पहले भी सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा था कि वो एक और संकल्प ले रहे हैं और ये संकल्प है अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों में मध्य प्रदेश से सभी 29 सीटें जीतने का। उन्होने कहा कि अगले साल होने वाले चुनाव में वो एमपी से ’29 कमलों’ की माला प्रधानमंत्री को समर्पित करेंगे।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews