
Sidhi News : मध्य प्रदेश का सीधी जिला आए दिन मीडिया में चर्चा का विषय बना रहता है। कभी यहां चोरी-डकैती जैसे मामले सामने आते हैं, तो कभी नशे का कारोबार करने वाले आरोपी को पुलिस गिरफ्तार करती है। यह सारी घटनाएं पुलिस के लिए चुनौती बनती जा रही है। वहीं, इन दोनों ठगी के मामले भी लगातार सामने आ रहे हैं। इसका एक ताजा मामला हाल ही सामने आया है।
आवास के केवाईसी करवाने के नाम पर चार लोगों से ठगी की गई है। जिसके बाद पीड़ितों ने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक डॉ. रवींद्र कुमार वर्मा से की है।
बहरी थाना क्षेत्र का मामला
दरअसल, मामला बहरी थाना क्षेत्र के रोजहा गांव का है, जहां आवास के केवाईसी के नाम पर चार लोगों के बैंक खाते से पैसे निकाल लिए गए है। शुरुआत में पीड़ितों ने बहरी थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। जिसके बाद सभी ने एसपी से शिकायत कर उचित न्याय की मांग की है।
हजारों की ठगी
पीड़ितों का आरोप है कि करीब 15 दिन पहले दोपहर के समय दो लोग गांव में पहुंचे और केवाईसी अपडेट करने के बहाने पीड़ितों से उनके आधार कार्ड और बैंक की जानकारी मांगी। इसके बाद उन्होंने बायोमेट्रिक की मदद से खातों से पैसे निकाल लिए। पीड़ित इंद्रलाल कोल ने बताया कि उनके खाते से 20,000 रुपये निकाले गए। इसी तरह गांव के अन्य लोगों के खातों से 10,000-10,000 रुपये की ठगी की गई है।
SP ने दिए ये निर्देश
वहीं, एसपी डॉ. रवींद्र कुमार वर्मा ने शिकायत मिलने के तुरंत बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए बहरी थाना प्रभारी को केस दर्ज करने और ठोस कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पीड़ितों को न्याय मिलेगा।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

