MP Election 2023 : BJP विधायक केदारनाथ शुक्ला के बगावती सुर, टिकट कटने के बाद किया चुनाव लड़ने का ऐलान

BJP MLA Kedarnath Shukla

MP Election 2023 : सीधी से वर्तमान बीजेपी विधायक केदारनाथ शुक्ला ने टिकट कटने के बाद पार्टी से बगावत करते हुए चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। बता दें कि इस बार सीधी से बीजेपी ने रीति पाठक को उम्मीदवार बनाया है और इससे खफा होकर अब उन्होने चुनाव लड़ने की घोषणा की है।

ये है मामला

ये मामला सीधी पेशाब कांड से जुड़ा है। माना जा रहा है कि इसी कारण केदारनाथ शुक्ला का टिकट काटा गया। सीधी में एक आदिवासी युवक के ऊपर पेशाब करने की घटना सिर्फ मध्य प्रदेश में ही नहीं, बल्कि देशभर में सुर्खियां बनी थी। इस मामले में बीजेपी की खासी किरकिरी हुई थी क्योंकि आरोपी विधायक केदारनाथ शुक्ला का करीबी माना जा रहा था और जानकारी के मुताबिक वो विधायक प्रतिनिधि था। इस मामले में डैमेज कंट्रोल करने के लिए खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को सामने आना पड़ा। उन्होने पीड़ित को अपने घर बुलाकर उसके पैर धोए थे और इस घटना के लिए खेद जताया था।

BJP को हो सकता है नुकसान

इसके बाद जब बीजेपी ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा की तो उसकी दूसरी लिस्ट में केदारनाथ शुक्ला के स्थान पर रीति पाठक को टिकट दिया गया। इसे शर्मनाक पेशाब कांड के कारण पार्टी की कार्रवाई के तौर पर देखा गया। लेकिन टिकट न मिलने से नाराज मौजूदा विधायक ने पार्टी के खिलाफ जाकर चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। इसके बाद अब इन अटकलों का दौर शुरु हो गया है कि शायद वो कांग्रेस में जा सकते हैं। हालांकि अभी खुद उन्होने ये नहीं बताया है कि वो निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरेंगे या फिर किसी राजनीतिक दल में शामिल होंगे लेकिन उनके चुनाव लड़ने का नुकसान बीजेपी को हो सकता है। इससे बीजेपी के वोट बंटने की आशंका है और इसका खामियाजा पार्टी को उठाना पड़ सकता है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews