लगातार 3 बार 0 पर आउट होने के बाद अभिषेक शर्मा की रैंकिंग पर कितना पड़ा असर? जानिए क्या ईशान किशन को हुआ फायदा?

टी20 विश्व कप में लगातार तीन मैचों में शून्य पर आउट होने के बावजूद भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की नंबर 1 T20I रैंकिंग बरकरार है। वहीं, टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म दिखाने वाले ईशान किशन को बड़ा फायदा मिला है और वह तीन पायदान की छलांग लगाकर टॉप-5 बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं।
लगातार 3 बार 0 पर आउट होने के बाद अभिषेक शर्मा की रैंकिंग पर कितना पड़ा असर? जानिए क्या ईशान किशन को हुआ फायदा?

मौजूदा टी20 विश्व कप में भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है, जहां वह शुरुआती तीन मैचों में अपना खाता भी नहीं खोल सके। ऐसे खराब प्रदर्शन के बाद उनकी ICC T20I रैंकिंग को लेकर कई सवाल उठ रहे थे। लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि लगातार तीन ‘डक’ के बावजूद अभिषेक शर्मा की बादशाहत कायम है और वह अभी भी दुनिया के नंबर एक T20I बल्लेबाज बने हुए हैं।

अभिषेक शर्मा ने टूर्नामेंट के शुरुआती चार मैचों में सिर्फ 15 रन बनाए हैं, जो सभी चौथे मैच में आए। इसके बावजूद उनकी रैंकिंग पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ा है। विश्व कप से पहले भी वह 877 रेटिंग अंकों के साथ शीर्ष पर थे और ताजा अपडेट के बाद भी वह इसी रेटिंग के साथ पहले पायदान पर काबिज हैं।

ईशान किशन को शानदार प्रदर्शन का इनाम

दूसरी ओर, इसी टूर्नामेंट में बल्ले से धमाल मचा रहे विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन को उनकी शानदार फॉर्म का बड़ा इनाम मिला है। ईशान ने रैंकिंग में तीन पायदान की जबरदस्त छलांग लगाई है और अब वह टॉप-5 में पहुंच गए हैं। टूर्नामेंट से पहले वह 8वें स्थान पर थे, लेकिन अब 742 रेटिंग अंकों के साथ वह 5वें नंबर पर आ गए हैं।

ईशान ने अब तक 5 पारियों में 35.20 की औसत और 193.41 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से 176 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने दो अर्धशतक भी जड़े, जिसमें पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई 77 रनों की पारी भी शामिल है। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 के पहले मैच में वह शून्य पर आउट हो गए थे।

T20I रैंकिंग में टॉप-5 बल्लेबाज कौन?

ICC की नवीनतम T20I बल्लेबाजी रैंकिंग के टॉप-5 पर नजर डालें तो तस्वीर कुछ इस तरह है:

  • 1. अभिषेक शर्मा (भारत) – 877 रेटिंग
  • 2. फिल सॉल्ट (इंग्लैंड) – 815 रेटिंग
  • 3. साहिबजादा फरहान (पाकिस्तान) – 810 रेटिंग
  • 4. पथुम निसंका (श्रीलंका) – 789 रेटिंग
  • 5. ईशान किशन (भारत) – 742 रेटिंग

अब टीम इंडिया का अगला मुकाबला जिम्बाब्वे से होना है, जिसमें फैंस की नजरें एक बार फिर ईशान किशन के प्रदर्शन पर टिकी होंगी, जबकि अभिषेक शर्मा से भी फॉर्म में वापसी की उम्मीद की जाएगी।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews