एशिया कप 2025 की शुरुआत 9 सितंबर से हो रही है। भारत का पहला मुकाबला 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ होगा, जबकि 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच महा मुकाबला देखने को मिलेगा। इस बार T20 फॉर्मेट में यह टूर्नामेंट खेला जा रहा है, जिसके चलते विराट कोहली, रोहित शर्मा, बाबर आज़म, मोहम्मद रिज़वान जैसे खिलाड़ी इसमें दिखाई नहीं देंगे। हालांकि सूर्यकुमार यादव और सलमान आगा जैसे खिलाड़ी इसमें नज़र आएंगे। लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए T20 मुकाबलों में अब तक किन खिलाड़ियों का बोलबाला रहा है?
चलिए आज हम आपको बताते हैं कि भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए T20 मुकाबलों में किन खिलाड़ियों के बल्ले से जबरदस्त रन निकले हैं और टॉप फाइव बल्लेबाज कौन हैं जिन्होंने इन मुकाबलों में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं।
लिस्ट में पहले नंबर पर विराट कोहली
बता दें कि इस लिस्ट में पहले नंबर पर विराट कोहली का नाम है। विराट कोहली जब भी पाकिस्तान के खिलाफ उतरते हैं तो अलग ही लय में नज़र आते हैं। विराट कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ हमेशा ही जबरदस्त बल्लेबाजी की है। आंकड़ों पर नज़र डाली जाए तो विराट कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ कुल 11 T20 मुकाबले खेले हैं, जिनमें 70.28 की औसत से 492 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 5 अर्धशतक निकले हैं। बता दें कि विराट कोहली T20 और टेस्ट से संन्यास ले चुके हैं, जिसके चलते अब इस मुकाबले में नज़र नहीं आएंगे।
दूसरे नंबर पर मोहम्मद रिज़वान
दूसरे नंबर पर मोहम्मद रिज़वान का नाम है। दरअसल, मोहम्मद रिज़वान ने भारत के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी की है। विकेटकीपर बल्लेबाज रिज़वान ने भारत के खिलाफ 5 T20 मुकाबले खेले हैं। इन मुकाबलों में उन्होंने 228 रन बनाए हैं। रिज़वान का औसत 57 का रहा है। उन्होंने भारत के खिलाफ दो अर्धशतक की पारी खेली है। हालांकि वे एशिया कप में पाकिस्तान के स्क्वाड का हिस्सा नहीं हैं।
तीसरे नंबर पर शोएब मलिक
तीसरे नंबर पर शोएब मलिक का नाम आता है। शोएब मलिक ने लंबे समय तक पाकिस्तान क्रिकेट टीम में जगह बनाए रखी और पाकिस्तान के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेला। भारत के खिलाफ उनका बल्ला हमेशा ही बोला है। बता दें कि शोएब मलिक ने भारत के खिलाफ कुल 9 T20 मुकाबले खेले। उन्होंने इस दौरान 27.33 की औसत से 164 रन बनाए। इस दौरान शोएब मलिक के बल्ले से एक अर्धशतक भी निकला।
चौथे नंबर पर मोहम्मद हफीज
चौथे नंबर पर इस लिस्ट में मोहम्मद हफीज का नाम शामिल है। मोहम्मद हफीज ने भारत के खिलाफ हमेशा ही शानदार क्रिकेट खेला है। पूर्व खिलाड़ी हफीज ने भारतीय टीम के विरुद्ध कुल 8 T20 मुकाबले खेले। इस दौरान उन्होंने 156 रन बनाए। उनका औसत 26 का रहा। हफीज ने 2 अर्धशतक भी जड़े।
आखिरी नाम युवराज सिंह
वहीं, इस सूची में आखिरी नाम युवराज सिंह का आता है। युवराज सिंह ने पाकिस्तान के खिलाफ कई बड़ी पारियां खेली हैं और T20 में भी उनका बल्ला जमकर बोला है। पाकिस्तान के खिलाफ युवराज सिंह ने कुल 9 T20 मुकाबले खेले। इस दौरान उन्होंने 155 रन बनाए। युवराज सिंह का औसत पाकिस्तान के खिलाफ T20 में 25.83 का रहा है। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ T20 में एक अर्धशतक की पारी भी खेली।






