दमोह: दमोह शहर के दमयंतीपुरम क्षेत्र में मंगलवार शाम को आवास परिसर के पास स्थित दमयंती तलैया में नहाने गए एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। मृतक व्यक्ति की पहचान चंदू यादव, उम्र 50 साल के रूप में हुई है। व्यक्ति के तलैया में डूबने की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और व्यक्ति की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू किया। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार, दमयंती तलैया की गहराई करीब 15 फीट है। अधिक गहराई होने के कारण SDRF की टीम को व्यक्ति को तलाशने और बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। रेस्क्यू अभियान के दौरान करीब एक घंटे के बाद तालाब में फंसे शख्स को बाहर निकाला गया।
एक बच्चे ने व्यक्ति को किया था बचाने का प्रयास
बताया गया है कि तलैया के पास खेल रहे कृष्ण नाम के बच्चे ने भी व्यक्ति को बचाने का प्रयास किया था। उसने पानी में तौलिया फेंककर युवक को पकड़ाने और बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मौजूद भीड़ ने तत्काल की जबलपुर चौकी नाका पुलिस को हादसे की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तत्काल ही SDRF की टीम को बुलाया और व्यक्ति को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है एवं घटना की जांच शुरू कर दी है।






