केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने CBSE-CVC पोस्टर मेकिंग कंपटीशन का ऐलान किया है। जिसका आयोजन केंद्रीय सतर्कता आयोग के साथ मिलकर सीबीएसई कर रहा है। इससे संबंधित सर्कुलर सभी संबद्ध स्कूलों को जारी किया गया है। सभी स्कूलों को स्कूल स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन 22 सितंबर से लेकर 1 अक्टूबर तक करना होगा। 25 सितंबर से स्कूल प्रविष्टियों को अपलोड कर पाएंगे।
सर्कुलर में बोर्ड ने कहा कि, “शिक्षा, राष्ट्र निर्माण की नींव होने के नाते छात्रों में अच्छे मूल्य पैदा करने और उन्हें जिम्मेदार नैतिक और प्रबंध नागरिक बनने में मदद करने में अहम भूमिका निभाती है। सेंट्रल विजिलेंस कमिशन और सीबीएसई मिलकर 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक होने वाले विजिलेंस अवेयरनेस वीक 2026 से पहले सभी स्कूलों में 1 अक्टूबर तक पोस्टर बनाने की प्रतियोगिता आयोजित कर रहे हैं।”
25 सितंबर को होगा वेबिनार
छात्रों में जागरूकता लाने और उनकी ज्यादा से ज्यादा भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए 25 सितंबर को सुबह 11:00 बजे एक वेबीनार आयोजित किया जाएगा। सभी स्कूलों को इसमें भाग लेने और ज्यादा से ज्यादा छात्रों को प्रतियोगियता का हिस्सा बनने के लिए प्रोत्साहित करने की सलाह दी गई है।
प्रतियोगिता की थीम और पात्रता
पोस्टर मेकिंग कंपटीशन की थीम “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” रखी गई है। हिंदी और इंग्लिश दोनों ही माध्यम में प्रतियोगिता का आयोजन होने वाला है। पोस्ट की साइज A2 और लैन्स्कैप ओरिएंटेशन में होना चाहिए। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की साहित्यिक चोरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
पोस्टर का मूल्यांकन पहले स्कूल करेंगे और तीन सर्वश्रेष्ठ प्रविष्टियों को सेलेक्ट करेंगे। सीबीएसई के लिंक पर अपलोड करेंगे, जो 25 सितंबर से एक्टिव होगा। सभी प्रविष्टियों में स्कूलों को टॉपिक, छात्र का नाम, क्लास, माता-पिता या अभिभावक का नाम, मोबाइल नंबर, ईमेल एड्रेस, स्कूल का नाम व पता और स्कूल कॉन्टैक्ट डीटेल्स दर्ज करने की सलाह दी गई है।
मूल्यांकन अलग-अलग असेसमेंट पर निर्भर करेगा। अधिकतम अंक 16 होंगे। स्कूल द्वारा शेयर की गई तीन बेस्ट प्रविष्टियों का मूल्यांकन आर्ट/ लैंग्वेज एक्सपर्ट द्वारा किया जाएगा। इसके बाद 25 बेस्ट प्रविष्टियों को सेलेक्ट किया जाएगा। टॉप 10 एंट्री को राष्ट्रीय स्तर के लिए पर सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान सम्मानित किया जाएगा। 25 बेस्ट प्रविष्टियों को एग्जीबिशन के दौरान प्रस्तुत किया जाएगा।






