इंस्टिट्यूट ऑफ़ बैंकिंग पर्सोनेल सिलेक्शन (IBPS) ने ग्रुप ए और बी पदों पर भर्ती निकाली है। ऑफिस असिस्टेंट (क्लर्क) और ऑफिसर स्केल 1, 2 और 3 के लिए आवेदन की अंतिम तारीख आगे बढ़ा दी गई है। उम्मीदवार अब 27 सितंबर 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट https://www.ibps.in/ तक फॉर्म भर सकते हैं। पहले अंतिम तारीख 21 सितंबर 2026 थे। करेक्शन पोर्टल दो दिनों तक एक्टिव रहेगा। इस दौरान उम्मीदवारों को एप्लीकेशन फॉर्म में सुधार का मौका दिया जाएगा।
रिक्त पदों की संख्या 13,745 है। ऑफिस असिस्टेंट यानी क्लर्क पदों के लिए 8,222 पद खाली हैं। ऑफिसर स्केल-1 असिस्टेंट मैनेजर (पीओ) के लिए 4,256, ऑफिसर स्केल-2 जनरल बैंकिंग ऑफीसर के लिए 666, आईटी ऑफिसर के लिए 182, चार्टर्ड अकाउंटेंट के लिए 81, लॉ ऑफिसर के लिए 46, ट्रेजरी मैनेजर के लिए 18 मार्केटिंग ऑफिसर के लिए 16 और एग्रीकल्चरल ऑफिसर के लिए 38 पद खाली हैं। ऑफिसर स्केल 3 सीनियर मैनेजर के लिए रिक्त पदों की संख्या 220 है।
इतनी है फीस
आवेदन करने के लिए जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस कैटेगरी के उम्मीदवारों को 850 रुपये शुल्क का भुगतान करना होगा। एससी, एसटी, PwBD और एक्स सर्विसमैन के लिए आवेदन शुल्क 175 रुपये है। सभी उम्मीदवारों को फॉर्म भरने से पहले आधिकारिक अधिसूचना पढ़ने की सलाह दी जाती है।
शैक्षणिक योग्यता
ऑफिसर असिस्टेंट यानी क्लर्क पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों के पास किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा लोकल लैंग्वेज में प्रोफिशिएंसी और कंप्यूटर नॉलेज होना भी जरूरी है। ऑफिसर स्केल-1 पीओ पदों के लिए किसी भी विषय में ग्रेजुएट उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। लोकल लैंग्वेज में प्रोफिशिएंसी और कंप्यूटर नॉलेज होना चाहिए। ऑफिसर स्केल-3 के लिए संबंधित विषय में 50% अंकों के साथ ग्रेजुएट उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। ऑफिसर स्केल 2 के लिए सीए/एमबीए/ग्रेजुएट/पोस्ट ग्रेजुएट/एलएलबी की योग्यता वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।
आयु सीमा
क्लर्क पदों के लिए निर्धारित आयु सीमा न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 28 वर्ष है। ऑफिसर स्केल-1 के लिए निर्धारित आयु सीमा न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 30 वर्ष है। ऑफिसर स्केल- 2 के लिए निर्धारित आयु सीमा न्यूनतम 21 वर्ष और अधिकतम 32 वर्ष है। ऑफिसर स्केल-2 सीनियर मैनेजर के लिए निर्धारित आयु सीमा अधिकतम 40 वर्ष तय की गई है। एससी/एसटी को 5 साल, ओबीसी को 3 साल और PwBD उम्मीदवारों को 10 साल तक की छूट दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया
ऑफिस असिस्टेंट पदों के लिए उम्मीदवारों का चयन प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और लैंग्वेज प्रोफिशिएंसी टेस्ट के आधार पर होगा। ऑफिसर स्केल-1 पदों के लिए उम्मीदवारों का चयन प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर होगा। ऑफिसर स्केल 2 और 3 पदों के लिए उम्मीदवारों का चयन सिंगल ऑनलाइन परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर होगा।
कब होगी परीक्षा?
आरआरबी क्लर्क पदों के लिए प्रारंभिक परीक्षा 6, 12 और 13 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। वहीं मुख्य परीक्षा 30 जनवरी 2027 को होगी। प्रारंभिक परीक्षा 21 और 22 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। मुख्य परीक्षा का आयोजन 30 दिसंबर 2026 को होगा। ऑफिसर स्केल 2 और 3 पदों के लिए परीक्षा का आयोजन 30 दिसंबर को होने वाला है।






